Bokaro: मुख्यमंत्री, हेमंत सोरेन ने गुरुवार को बेरमो विधानसभा में आयोजित चुनावी रैली को एक अलग अंदाज़ में संबोधित किया। उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री और वरिष्ठ भाजपा नेता, बाबूलाल मरांडी पर गाना गाते हुए तंज कसा “मुसाफिर हू यारो न घर है ना ठिकाना, बस मुझे चलते जाना, बस मुझे चलते जाना”। हेमंत सोरेन को इस तरह गीत गाते हुए देख सभा में आये हज़ारो लोगो ने खूब आनंद लिया। तालियों और ठहाके की आवाज़ से पूरा माहौल गूंज उठा।
हालांकि सोरेन ने पूरी परिपक्वता बरती और मरांडी का नाम नहीं लिया। पर स्पष्ट रूप से संकेत दिया कि “एक नए पूर्व मुख्यमंत्री, पार्टी (बीजेपी) में शामिल हुए है। मुझे समझ नहीं आया कि उनका कोई ठौर-ठिकाना है भी की नही। बस चलते जा रहे है। और फिर गाने की चंद पंक्तिया गुनगुनाइ”। सोरेन ने बेरमो विधानसभा के जरीडीह में अपनी रैली में भाजपा के तीनो पूर्व मुख्यमंत्रियों रघुबर दास, अर्जुन मुंडा और मरांडी पर जमकर कटाक्ष किया। बेरमो विधानसभा में उनकी रैली का यह दूसरा दिन था।

भाजपा नेताओं के द्वारा दिए जा रहे संकेत की जेएमएम-कांग्रेस की सरकार अधिक दिन नहीं रहने वाली, पर भी उन्होंने करारा जवाब दिया। सोरेन ने कहा की भाजपा की पूर्व मुख्यमंत्रियों की जमात घूम-घूमकर सरकार के खिलाफ बोल रहे है। यह जमात लोमड़ी की जमात हैं जो पीछे से हमला करती हैं। राज्य गठन के 20 साल बाद पहली बार ऐसा हुआ है कि हमने 50 विधायकों के साथ सरकार बनाई है। यह लोग (भाजपा) जो भी कह ले पर सरकार का बाल भी बांका नहीं कर पाएंगे।
सोरेन ने रघुबर दास पर तीखा हमला करते हुए कहा कि उन्हें 10 महीने पहले ही हार का स्वाद चखा है, सब दांत-वात झर गया है। पता नहीं की अभी वह कहा है झारखण्ड में है की छत्तीसगढ़ में। सोरेन ने कहा, “पिछले पांच वर्षों में इन ‘लूटेरों’ ने राज्य के विकास के लिए कुछ नहीं किया है। सिर्फ युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया है। वे पांच वर्षों में जेपीएससी का परिणाम निकालने में असफल रहे, जिसे हमने सरकार बनने के तुरंत बाद निकाल दिया। हमारी सरकार के पिछले सात महीनों के कोरोनाकाल में एक भी व्यक्ति भूख से नहीं मरा, लेकिन पांच साल के भाजपा सरकार में दो दर्जन से अधिक लोग गरीबी और भूख से मर गए”।
उन्होंने केंद्र सरकार के नेतृत्व पर भी निशाना साधते हुआ कहा की “बेइमानो” ने प्याज और आलू की कीमत बढ़ा दी है। सोरेन अपने पंद्रह मिनट का भाषण करीब 10 मिनट संथाली भाषा में दिया। वह बेरमो विधानसभा से चुनाव लड़ रहे कांग्रेस के उम्मीदवार कुमार जयमंगल के पक्ष में प्रचार कर रहे थे। राज्य के स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता और अन्य कांग्रेस विधायक के साथ झामुमो के वरिष्ठ नेता मंटू यादव भी मौजूद थे।
