Bokaro: कोरोना वायरस संक्रमण की रोकथाम को प्रभावी बनाने की दिशा में जिला मुख्यालय के विभिन्न चौक – चौराहों एवं महत्वपूर्ण स्थलों पर कोविड समुचित व्यवहार संबंधित अनुपालन हेतु मास्क चेकिंग अभियान गुरुवार को चलाया गया। अगर घर से बाहर निकल रहे हैं, तो मास्क जरूर पहने, अन्यथा कार्रवाई होगी। इस संबंध में राज्य सरकार द्वारा सूबे के सभी उपायुक्तों को पत्र लिखा गया है। इसी क्रम में अनुमंडल पदाधिकारी चास शशि प्रकाश सिंह ने बुधवार देर शाम पत्र जारी कर 18 मार्च से मास्क चेकिंग अभियान चलाने का निर्देश दिया।
■ जिला मुख्यालय के छह व्यस्ततम चौक-चौराहों पर दंडाधिकारियों की उपस्थिति में मास्क चेकिंग अभियान चलाया गया-
अनुमंडल पदाधिकारी के निर्देशानुसार जिला मुख्यालय के छह व्यस्ततम चौक-चौराहों पर दंडाधिकारियों की उपस्थिति में मास्क चेकिंग अभियान चलाया गया। यह अभियान जोधाडीह मोड़ पर कार्यपालक दंडाधिकारी जयंत जेरोम लकड़ा, धर्मशाला मोड़ पर प्रखंड विकास पदाधिकारी चास संजय शांडिल, नयामोड़ पर अंचलाधिकारी चास दिलीप कुमार, पत्थरकट्टा चौक पर जिला मत्स्य पदाधिकारी विजय कुमार सिंह, चंदनकियारी चौक पर अंचलाधिकारी चंदनकियारी दिनेश मिश्रा एवं बिरसा पुल के पास कनीय अभियंता चंदनकियारी मेघलाल महतो की अगुवाई में पुलिस बल के साथ मास्क चेकिंग अभियान चलाया गया।

धर्मशाला मोड़ पर प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी सह बीडीओ संजय शांडिल ने कहा कि मास्क लगाना तथा सोशल डिस्टैंसिंग (पारस्परिक दूरी) का पालन करना ही कोरोना से बचाव का उपाय है। लोगों से बराबर मास्क लगाकर घर से निकलने तथा पारस्परिक दूरी का पालन करने की अपील की जा रही है। इसके बाद भी कुछ लोग बिना मास्क पहने बाजार में पहुंच जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि मास्क नहीं पहनने वालों के खिलाफ अभियान चलाकर आगे जुर्माना वसूला जाएगा। आज पहला दिन होने के कारण लोगों को मास्क पहनने के लिए जागरूक किया जा रहा है। एक बार जुर्माना लगने के बाद दूसरी बार बिना मास्क के पकड़े जाने पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
