Bokaro: शिक्षा मंत्री जगरनाथ महतो कोरोना को मात देने के बाद आज शाम चार्टेड प्लेन से रांची पहुंचे। अब वह पूरी तरह से फिट हैं। उनसे मिलने सीएम हेमंत सोरेन भी एयरपोर्ट गए थे। एयरपोर्ट से सीधे वे अपने आवास चले गये। पिछले महीने के आखिरी हफ्ते में डॉक्टरों ने उनका सभी रिपोर्ट नार्मल आने के बाद उन्हें स्वस्थ बताते हुए हॉस्पिटल से छुट्टी दे दी थी। डुमरी विधायक जगरनाथ महतो के घर वापसी से बोकारो में लोग काफी खुश है।
बोकारो के झामुमो नगर अध्यक्ष मंटू यादव ने कहा की मंत्री जगरनाथ महतो के घर वापसी से पुरे राज्य में ख़ुशी का माहौल है। भाजपा के मुख्य सचेतक व बोकारो विधायक बिरंची नारायण ने शिक्षा मंत्री जगरनाथ महतो के सकुशल रांची लौटने का स्वागत किया है। नारायण ने कहा कि कोरोना के कारण गंभीर रूप से अस्वस्थ हुए महतो के साथ राज्य और बोकारो की जनता की दुआएं थी। हम उनके स्वस्थ जीवन की मंगलकामना करते है।

बता दे की झामुमो विधायक जगरनाथ महतो पिछले साल 28 सितंबर को कोरोना पॉजिटिव हुए थे। उन्हें तुरंत ही रिम्स में एडमिट किया गया था। जब उनके स्तिथि में सुधार नहीं हुआ तो बेहतर इलाज के लिए उनको मेडिका में भर्ती कराया गया था। पर वहां भी उनकी तबियत बिगड़ती चली गई, जिसके बाद उन्हें 19 अक्टूबर को एयर एंबुलेंस के जरिये रांची से चेन्नई ले जाया गया। वहां डॉक्टर लंग्स में कोई सुधार नहीं होता देख 10 नवंबर को उनका लंग्स ट्रांसप्लांट कर दिया। जिसके बाद 9 फरवरी को रिकवर होने के बाद उन्हें हॉस्पिटल से छुट्टी दे दी गई। पर उनकी तबीयत दोबारा बिगड़ गई और उनको फिर से ह़ॉस्पिटल में एडमिट किया गया। अब वह पूर्णतः स्वस्थ होकर वापस झारखण्ड आ गए है।
