Bokaro: सेक्टर 4 थाना अंतर्गत कूलिंग पोंड में आज बुधवार को फिर एक लड़के का तैरता हुआ शव मिला। पिछले 72 घंटे में यह दूसरा शव है जो तैरता हुआ कूलिंग पोंड मिला है। इस घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। प्रथम दृष्टया देखने पर यह प्रतीत होता था की तीन-चार दिन पहले मृतक पानी में डूबा होगा। पुलिस ने मृतक की पहचान सेक्टर 4/A में रहने वाले 14 वर्षीय सुदामा कुमार यादव के रूप में की है। उसके पिता ने भी शव को पहचान लिया है।
पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को शव सौंप दिया जाएगा। पर अभी तक किन कारणों से उसकी मौत हुई है इसका खुलासा नहीं हो पाया है. पुलिस को पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है। पुलिस इस घटना को रविवार की शाम को बरामद हुए 18 वर्षीय लड़के यश के शव से भी जोड़कर देख रही है।


पुलिस इस दिशा में जांच कर रही है कि सुदामा और यश का आपस में कोई कनेक्शन था की नहीं। यश के चाचा का घर मृतक सुदामा के मोहल्ले में है। शवों की स्थिति भी यह दर्शाती है की दोनों कुछ समय आस-पास ही कूलिंग प्वाइंट में डूबे होंगे। पर इनकी हत्या हुई है, कि उन्होंने सुसाइड किया है, या किसी और कारण उनकी मृत्यु हुई है इस पर रहस्य बरकरार है।
मौत के कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है। सेक्टर 4 के थाना प्रभारी, जी डी मिश्रा के अनुसार सुदामा बीते नवंबर 10 तारीख से घर से गायब था। इस बाबत उसके पिता ने सेक्टर 4 थाने में मिसिंग रिपोर्ट भी दर्ज कराई थी। सुदामा के पिता ऑटो ड्राइवर है.घर के परिजनों ने यह भी बतलाया की उसका किसी लड़की से चक्कर था। अक्सर वह अपने दादी के मोबाइल से उससे बात करता था। पुलिस उस मोबाइल नंबर को संज्ञान में ले अनुसंधान कर रही है।
हालांकि आज दूसरी लाश मिलने से यश के मौत की गुत्थी उलझती भी दिख रही है। रविवार की शाम मिले सेक्टर 9 निवासी यश की मौत के कारणों का पता अभी तक नहीं चल पाया है। यश 11 नवंबर से अपने घर से लापता था। उसके पिता ने हरला थाने में मिसिंग रिपोर्ट लिखाई थी।
यश के गायब होने के एक दिन पहले एक घटना भी घाटी थी। 10 नवंबर को यश के ऊपर एक लड़की के छेड़खानी का मामला हरला थाना में दर्ज किया गया था। पुलिस उसकी तलाश में थी जब वह गायब हो गया और उसकी लाश वैसे ही फूली हुई अवस्था में रविवार की शाम कूलिंग पाउंड से बरामद की गयी थी।

इस घटना के बाद यश के घर वालों ने लड़की के घर पर हंगामा भी किया था जिसे पुलिस ने सही समय पर पहुंचकर शांत करा दिया। वहीं मंगलवार की शाम को हरला थाना पुलिस ने यश के मामले में हत्या का केस दर्ज किया है। हरला थाना प्रभारी जय गोविंद गुप्ता के अनुसार कूलिंग पोंड में मिले दोनों शवों के मामले में अभी कुछ कह पाना कठिन है।
उन्होंने यह भी कहा उनका अनुसंधान जारी है। पर दोनों के साथ होने के एंगल पर अभी कुछ कह पाना कठिन है। हलाकि की हरला और सेक्टर-4 थाना दोनों मिलकर उस खास एंगल को संज्ञान में ले अनुसंधान कर रहे है। पुलिस इस पॉइंट पर ध्यान दे रही है की दोनों की लाश 72 घंटे के अंतराल में मिली है, दोनों मृतकों की उम्र भी करीब-करीब एक ही है और उनके गायब होने का दिन भी आसपास का ही है।
