Bokaro: जिला प्रशासन ने सड़क दुर्घटनाओं पर रोक लगाने और यातायात नियमों के पालन को सुनिश्चित करने के लिए फिर No Helmet No Petrol का एलान किया है। सख्ती बरतने की बात कही है। इसके तहत जिले के सभी पेट्रोल पंपों को निर्देश दिया गया है कि “No Helmet – No Petrol ” का बोर्ड लगाया जाए और बिना हेलमेट किसी भी दोपहिया वाहन को पेट्रोल नहीं दिया जाए। ये आदेश पहले भी कई बार दिए गए है, लेकिन जमीनी स्तर पर इसका पालन होता कभी नहीं दिखा।

पेट्रोल पंपों पर आदेश का सही अनुपालन नहीं
हालांकि, सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार कई पेट्रोल पंप इस आदेश का पालन नहीं कर रहे हैं। यह न केवल ट्रैफिक नियमों के खिलाफ है बल्कि सरकारी आदेश की अवहेलना भी है। जिला प्रशासन का कहना है कि ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन की चेतावनी: नियम तोड़े तो कार्रवाई तय
जिला परिवहन पदाधिकारी श्रीमती मारुति मिंज ने स्पष्ट किया है कि आदेश का सख्ती से पालन आवश्यक है। यदि कोई पेट्रोल पंप इसका उल्लंघन करता है तो उसके खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

लोगों से अपील: सुरक्षा के लिए हेलमेट पहनें
श्रीमती मिंज ने आम नागरिकों से अपील की है कि अपनी और दूसरों की सुरक्षा के लिए हमेशा हेलमेट पहनें और यातायात नियमों का पालन करें। प्रशासन का मानना है कि इस पहल से सड़क सुरक्षा को बढ़ावा मिलेगा।


