बोकारो स्टील प्लांट के कर्मचारियों ने बोनस फॉर्मूला रद्द करने और प्रोडक्शन रिलेटेड पे लागू करने की मांग को लेकर विशाल रैली निकाली। मजदूर मैदान से टू टैंक तक निकली इस रैली में कर्मचारियों ने सेल प्रबंधन की नीतियों की कड़ी आलोचना की और बोनस गणना में पारदर्शिता की मांग उठाई। रैली में सेल प्रबंधन की नीतियों, वेतन पुनरीक्षण और बोनस समझौते की कड़ी आलोचना की गई, जिससे कर्मचारियों का आक्रोश स्पष्ट दिखा।
मजदूर मैदान से टू टैंक तक प्रदर्शन रैली
Bokaro: बोकारो स्टील प्लांट (BSL) के अनाधिशासी कर्मचारी संघ (BAKS) के बैनर तले शनिवार को कर्मचारियों ने बोनस फॉर्मूला के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। रैली मजदूर मैदान, सेक्टर-4 से शुरू होकर गांधी चौक से होती हुई टू टैंक स्थित धरना स्थल पर सभा में बदल गई।
पोस्टर और बैनरों से जताया विरोध
रैली में शामिल कर्मचारियों ने उत्पादन आंकड़े, मुनाफे और अन्य विवरण दर्शाने वाले पोस्टर और बैनर हाथों में लिए थे। उन्होंने एएसपी-एलआईएस बोनस फॉर्मूला को रद्द करने और प्रोडक्शन रिलेटेड पे (पीआरपी) लागू करने की जोरदार मांग की। See Video-

सेल प्रबंधन और यूनियनों पर निशाना
सभा को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने सेल प्रबंधन की वेतन पुनरीक्षण एमओयू, बोनस समझौता, एरियर और प्रोत्साहन राशि की नीति की कड़ी आलोचना की। एनजेसीएस यूनियनों और उनके नेताओं पर भी प्रबंधनपरस्त रवैया अपनाने का आरोप लगाया गया।
बोनस गणना में पारदर्शिता की मांग
कर्मचारी नेताओं ने मांग की कि बोनस राशि प्रति मिलियन टन उत्पादन के आधार पर तय की जाए। उन्होंने आरोप लगाया कि बीते तीन वर्षों से प्रबंधन बिना सहमति के बोनस राशि कर्मचारियों के खातों में भेज रहा है, जिससे असंतोष बढ़ रहा है।
“गलत नीतियों का सबूत है यह प्रदर्शन”
बीएकेएस अध्यक्ष हरिओम ने कहा, “यह प्रदर्शन सेल की गलत नीतियों का सबूत है। कर्मचारी अपने अधिकारों के लिए सड़क पर उतरने को मजबूर हैं। इस्पात मंत्रालय की चुप्पी आक्रोश को और बढ़ा रही है। हम हर हाल में प्रोडक्शन रिलेटेड पे लागू करवाएंगे।”

