Bokaro: बोकारो इस्पात संयंत्र (BSL) प्रबंधन ने दुर्गा पूजा पंडालों और समितियों के लिए स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी किए हैं। BSL प्रबंधन ने कहा है कि किसी भी पंडाल को बिजली का उपयोग करने से पहले विधिवत विद्युत कनेक्शन लेना आवश्यक होगा। इसके लिए बीएसएल से भूमि परमिट, जिला प्रसाशन से अनुमति और इलेक्ट्रिकल लाइसेंसी पर्यवेक्षक द्वारा परीक्षण रिपोर्ट जरूरी है।

बिजली कनेक्शन के लिए शर्तें
बीएसएल ने साफ किया है कि बिजली कनेक्शन केवल तय मानकों पर ही दिए जाएंगे। पंडालों में अलग बिजली वितरण बोर्ड लगाना होगा, जिसके चारों ओर उचित बैरिकेडिंग अनिवार्य होगी। साथ ही इन बिजली बोर्ड के पास अग्निशामक यंत्र की उपलब्धता सुनिश्चित करनी होगी। किसी भी परिस्थिति में बीएसएल के एल.टी. नेटवर्क से एक से अधिक कनेक्शन लेने की अनुमति नहीं होगी। सभी तारों को सुरक्षित और मानवीय पहुँच से बाहर रखना आवश्यक है।
सुरक्षा पर विशेष जोर
पूजा समितियों को यह सुनिश्चित करना होगा कि मुख्य बिजली वितरण बोर्ड के पास चौबीसों घंटे कुशल इलेक्ट्रीशियन तैनात रहे। इसके अलावा स्थानीय सेक्टर मेंटेनेंस पोस्ट और बीएसएल टीए नगर सेवा कार्यालय को संपर्क व्यक्ति की जानकारी देनी होगी। सभी विद्युत कनेक्शन भारतीय विद्युत नियमों के मानकों के अनुसार होने चाहिए।

उल्लंघन पर होगी बिजली कटौती
प्रबंधन ने चेतावनी दी है कि यदि कोई समिति नियमों का पालन नहीं करती या बिना अनुमति कनेक्शन लेती है तो उसकी बिजली काट दी जाएगी। साथ ही किसी भी चूक के लिए पूजा समिति पूरी तरह जिम्मेदार होगी। बीएसएल नगर प्रबंधन विभाग ने अपील की है कि सभी समितियाँ सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दें और विशेष रूप से बैरिकेडिंग जैसे नियमों का पालन अवश्य करें।

