Bokaro : सिटी चर्च बोकारो में 13 नवंबर से 15 नवंबर तक आयोजित तीन दिवसीय बोकारो पीस फेस्टिवल उत्साह और श्रद्धा के साथ सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम में शहर और आसपास के क्षेत्रों से हजारों की संख्या में मसीही समुदाय के लोग शामिल हुए। प्रत्येक दिन शाम 5 बजे से रात 9 बजे तक विविध आध्यात्मिक गतिविधियों का आयोजन किया गया, जिसमें भजन-कीर्तन के साथ प्रेरणादायी संदेशों ने वहां उपस्थित श्रद्धालुओं को प्रभावित किया।
दिल्ली से आए मुख्य वक्ता ने बांटे आध्यात्मिक वचन
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण दिल्ली से आए प्रसिद्ध मसीही वक्ता और गायक श्री अजीत होरो रहे। उन्होंने अपने संदेशों और गीतों के माध्यम से लोगों में आध्यात्मिक ऊर्जा का संचार किया। तीनों दिनों तक चले इस कार्यक्रम ने श्रद्धालुओं को एकजुटता, शांति और प्रेम का संदेश दिया।

झारखंड की 25वीं वर्षगांठ पर की गई विशेष प्रार्थना
फेस्टिवल के अंतिम दिन 15 नवंबर को झारखंड राज्य स्थापना की 25वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में सभी पादरियों ने सामूहिक प्रार्थना की। झारखंड की समृद्धि, उन्नति और यहां की जनता की खुशहाली के लिए दुआ की गई। इस मौके पर केक काटकर और मोमबत्तियां जलाकर ईश्वर के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की गई। राज्य सरकार के सुचारू संचालन की भी कामना की गई।
आयोजन को सफल बनाने में कई सदस्यों का योगदान
बोकारो पीस फेस्टिवल को सफल बनाने में सोसायटी ऑफ क्रिश्चियन के कई सदस्यों—पोस्टर बगे, श्री संदीप लाल, पोस्टर दुलाल मंडल, श्री अजय हालदार, श्री आर. यूनुस, श्री विल्सन कोंगाडी, श्री रोबिन कोंगाडी, श्री राजेश, श्री शैल—ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इनके साथ कई अन्य स्वयंसेवकों ने भी पूरे समर्पण के साथ मेहनत की। यह तीन दिवसीय कार्यक्रम बोकारो में सामाजिक सौहार्द, भाईचारे और आध्यात्मिक एकता का सशक्त संदेश छोड़ गया।

