Report by-Surendra Kumar Bokaro: झारखंड स्थापना दिवस की रजत जयंती पर बोकारो स्टील प्लांट (BSL) द्वारा बोकारो क्लब में भव्य मीडिया मिलन कार्यक्रम आयोजित किया गया। बोकारो के विभिन्न मीडिया समूहों के प्रतिनिधियों और BSL के वरिष्ठ अधिकारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। यह आयोजन उद्योग और मीडिया के बीच सकारात्मक संवाद को मजबूत करने का एक प्रभावी मंच साबित हुआ।
BSL प्रबंधन ने मीडिया की भूमिका को सराहा
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए BSL के चीफ ऑफ कम्युनिकेशन मणिकांत धान ने सभी पत्रकारों का हार्दिक स्वागत किया। उन्होंने कहा, “मीडिया ने बोकारो और झारखंड के विकास में हमेशा रचनात्मक भूमिका निभाई है। बोकारो स्टील प्लांट (BSL) ने अपने 60 वर्षों की यात्रा में राज्य और देश के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया है, और यह साझेदारी आगे भी जारी रहेगी।”
पत्रकारों के विचार
दैनिक जागरण बोकारो ब्यूरो प्रमुख बी.के. पांडेय ने कहा कि BSL और मीडिया के बीच दशकों पुराना संबंध विश्वास, पारदर्शिता और जिम्मेदारी पर आधारित है, जो विकास यात्रा को मजबूती देता है। दैनिक भास्कर ब्यूरो प्रमुख राजेश सिंह देव ने कहा, “ऐसे कार्यक्रम सूचना के आदान-प्रदान को और मजबूत बनाते हैं, जिससे जनता तक सही और तथ्यपूर्ण जानकारी पहुंचाई जाती है।” बोकारो टुडे के संपादक धनंजय प्रताप ने कहा कि BSL ने उद्योग और समाज के बीच मजबूत पुल का काम किया है, और मीडिया का कर्तव्य है कि वह विकास से जुड़े मुद्दों को संतुलित, जिम्मेदार और तथ्यात्मक रूप में सामने लाए। आज़ के ब्यूरो चीफ शंभु पाठक ने कहा कि मीडिया का काम है समाज और प्रणाली के बीच विश्वसनीय सूचना का सबसे मजबूत सेतु बने रहना। वहीं द टाइम्स ऑफ इंडिया के पत्रकार दिव्य खरे ने कहा कि मीडिया का दायित्व है कि वह उपलब्धियों और चुनौतियों को निष्पक्ष, सटीक और जिम्मेदारीपूर्वक जनता तक पहुँचाए, ताकि विकास संवाद मजबूत हो। दैनिक भास्कर ऑनलाइन के हिमांशु ने कहा कि डिजिटल मीडिया की ताकत सही, तेज़ और विश्वसनीय खबरों से ही बढ़ती है, और यही हमारी सबसे बड़ी जिम्मेदारी है।
CGM लक्ष्मी दास का वक्तव्य
मुख्य महाप्रबंधक (CGM) लक्ष्मी दास ने कहा, “BSL उद्योग जगत ही नहीं, बल्कि सामाजिक उत्तरदायित्व के क्षेत्र में भी नई ऊंचाइयों को छू रहा है। मीडिया इन उपलब्धियों को व्यापक रूप से जनता तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाता है। हम मीडिया के साथ अपने सहयोग को और विस्तृत करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।”
GM अशोक तिवारी का वक्तव्य
ED वर्क्स कार्यालय के महाप्रबंधक अशोक तिवारी ने कहा, “BSL की उत्पादन क्षमता और तकनीकी उन्नयन लगातार बढ़ रहे हैं। आने वाले समय में कई नई परियोजनाएं शुरू होंगी, जिनमें मीडिया का मार्गदर्शन और सहयोग अत्यंत महत्वपूर्ण रहेगा।”

