Bokaro : बोकारो समाहरणालय में उपायुक्त अजय नाथ झा की अध्यक्षता में कृषि, सहकारिता, मत्स्य, पशुपालन एवं गव्य विकास विभागों की समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में जिला कृषि पदाधिकारी मो. शाहीद ने बताया कि नावाडीह में 12.5 एकड़ और जरीडीह में 25 एकड़ भूमि पर कृषक पाठशाला तैयार है, जहां किसानों व कृषि मित्रों को प्रशिक्षण के साथ खेती, मछली पालन और सब्जी उत्पादन भी कराया जा रहा है।

धान कटनी उत्सव को भव्य रूप से मनाने का निर्देश
डीसी ने निर्देश दिया कि धान कटनी उत्सव को सांस्कृतिक कार्यक्रमों और नुक्कड़ नाटकों के साथ बड़े स्तर पर मनाया जाए। उन्होंने कहा कि किसानों के साथ किसी प्रकार की धोखाधड़ी बर्दाश्त नहीं होगी और उनकी उपज का उचित मूल्य सुनिश्चित किया जाए। सभी विभागों को समन्वय के साथ कार्य करने का निर्देश दिया गया।
एफपीओ पंजीकरण 10 दिनों में पूरा करने का आदेश
डीसी ने जरीडीह प्रखंड में एफपीओ (Farmer Producer Organization) का निबंधन 10 दिनों में पूरा करने को कहा। साथ ही एक सप्ताह के भीतर कृषक पाठशाला को साफ-सुथरा एवं सुसज्जित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि कृषि विभाग की बैठक हर 15 दिनों में की जाएगी।

कृषक पाठशाला को कृषि गतिविधियों का मुख्य केंद्र बनाएं
उपायुक्त ने कहा कि जिले की कृषक पाठशालाएं आधुनिक एवं व्यवस्थित हों और सभी कृषि गतिविधियों का संचालन यहीं से हो। पेटरवार प्रखंड के आमाडीह में कोल्ड स्टोर बनाने के लिए निरीक्षण रिपोर्ट मांगी गई। वहीं हेल्थ कार्ड कार्य में देरी पर भी डीसी ने नाराज़गी जताई।
बीज वितरण समय पर और मत्स्य उत्पादन बढ़ाने का निर्देश
रवि फसल बीज वितरण समय पर सुनिश्चित करने को कहा गया ताकि किसान समय पर बोआई कर सकें। साथ ही जिले के सभी तालाबों में मत्स्य उत्पादन बढ़ाने और उसकी मार्केटिंग स्ट्रेटजी तैयार करने का निर्देश भी दिया गया।

