Bokaro: दिल्ली पब्लिक स्कूल (डीपीएस) बोकारो ने एक बार फिर एक नया कीर्तिमान स्थापित किया है। विद्यालय के प्राचार्य डॉ. ए. एस. गंगवार के कुशल व दूरदर्शी नेतृत्व के परिणामस्वरूप स्कूल ने कुआलालंपुर, मलेशिया में आयोजित ग्लोबल लीडर्स अवार्ड्स कॉन्क्लेव एंड समिट 2025 में प्रतिष्ठित एजुकेशन, ट्रेनिंग एंड जॉब्स एंटरप्राइज ऑफ द ईयर का खिताब अर्जित कर अंतरराष्ट्रीय पटल पर एक बार पुनः इस्पातनगरी बोकारो, झारखंड प्रदेश तथा पूरे भारतवर्ष का मान बढ़ाया है।
विद्यालय की ओर से प्राचार्य डॉ. गंगवार ने यह विश्व-प्रतिष्ठित पुरस्कार शिक्षा के क्षेत्र में डीपीएस बोकारो की उत्कृष्टता, नवाचार व अतुलनीय योगदान के लिए ग्रहण किया। भारत के राज्यसभा सदस्य के. वनलालवेना और फिल्म अभिनेत्री अमायरा दस्तूर सहित देश-विदेश के कई गणमान्यजनों की उपस्थिति में उन्होंने यह अंतरराष्ट्रीय सम्मान प्राप्त किया। इस शिखर सम्मेलन में संयुक्त राज्य अमेरिका (यूएसए), पश्चिमी ऑस्ट्रेलिया, इटली, लाओस, मलेशिया और अन्य देशों के पुरस्कार विजेता शामिल थे।
दुनिया भर के विभिन्न क्षेत्रों से कुल 38 पुरस्कार विजेताओं में से शिक्षा क्षेत्र के लिए केवल छह सदस्यों का चयन किया गया था। खास बात यह रही कि डीपीएस बोकारो यह सम्मान प्राप्त करने वाला झारखंड राज्य का एकमात्र विद्यालय रहा। विश्वमंच पर एक बार पुनः यह प्रतिष्ठित ख्याति लेकर लौटने पर गुरुवार को विद्यालय में विशेष सभा के दौरान जैसे ही इसकी घोषणा हुई, पूरा सभागार तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। सभी ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इसे विद्यालय, बोकारो और पूरे झारखंड के लिए महत्वपूर्ण गौरव बताया।
विद्यालय के वरीय उपप्राचार्य अंजनी भूषण एवं उपप्राचार्या शालिनी शर्मा ने पुष्पगुच्छ देकर प्राचार्य डॉ. गंगवार को पूरे विद्यालय परिवार की ओर से इस उपलब्धि पर बधाई दी और सांकेतिक रूप से विद्यार्थियों के समक्ष उक्त पुरस्कार सुपुर्द किया। वहीं, अपने उद्गार में प्राचार्य डॉ. गंगवार ने इसे विद्यार्थियों, उनके अभिभावकों, शिक्षकों तथा समस्त विद्यालय परिवार को इस उपलब्धि का श्रेय देते हुए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह गर्व प्राप्त होना सभी के सम्मिलित प्रयासों और सहयोग का ही यह परिणाम है। ऐसी उपलब्धियां हमें और भी कठिन परिश्रम, समर्पण और जुनून के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा देती हैं।
गौरतलब है कि डॉ. गंगवार के नेतृत्व में डीपीएस बोकारो ने शिक्षा में नवाचार तथा विद्यार्थियों के समग्र विकास की दिशा में कई नए आयाम स्थापित किए हैं। गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ-साथ विभिन्न विधाओं में बच्चों की प्रतिभा निखारने के उद्देश्य से कई समृद्ध संसाधन विकसित किए गए हैं। हाल ही में, झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार के हाथों विद्यालय में एयर राइफल शूटिंग रेंज और पॉडकास्ट स्टूडियो का शुभारंभ हुआ।
इसके पूर्व भी डीपीएस बोकारो राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंचों पर कई बार अपनी अमिट छाप छोड़ चुका है। विद्यालय को सेवन-स्टार-रेटेड स्कूल जैसी प्रतिष्ठित पहचान मिली है, साथ ही नॉर्वे की संसद में भी इसे मान्यता प्राप्त हो चुकी है। दुबई में सम्मानित होने से लेकर, हाल ही में सस्टेनेबल डेवलपमेंट गोल्स स्कूल का अवार्ड प्राप्त करना इसकी उत्कृष्टता का प्रमाण है।

