Bokaro: बाल विवाह मुक्त भारत अभियान का एक वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य पर मंगलवार को उपायुक्त अजय नाथ झा के निर्देशानुसार गोमिया प्रखंड कार्यालय के सभागार में बाल विवाह मुक्त जागरूकता कार्यशाला का आयोजन किया गया। उक्त कार्यशाला में मुख्य अतिथि के रूप में माननीय मंत्री पेयजल एवं स्वच्छता विभाग तथा उत्पाद एवं मद्य निषेध विभाग योगेन्द्र प्रसाद एवं विशिष्ट अतिथि के रूप में उप विकास आयुक्त शताब्दी मजूमदार शामिल हुई। कार्यक्रम में माननीय मंत्री द्वारा सभी उपस्थित लोगों को बाल विवाह के खिलाफ शपथ दिलाई गई।
बाल विवाह की सूचना देने की अपील
माननीय मंत्री, पेयजल एवं स्वच्छता विभाग तथा उत्पाद एवं मद्य निषेध विभाग झारखंड सरकार योगेन्द्र प्रसाद ने सभी उपस्थित लोगों को जागरूक करते हुए कहा कि यदि कहीं भी बाल विवाह की सूचना मिले, तो तुरंत प्रशासन या चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 पर जानकारी दें। कार्यक्रम के दौरान मंत्री योगेन्द्र प्रसाद द्वारा आधिकारिक रूप से गोमिया प्रखंड को बाल विवाह मुक्त प्रखंड घोषित किया गया।

उप-विकास आयुक्त ने इसे झारखंड राज्य के लिए एक ऐतिहासिक उपलब्धि बताते हुए कहा कि गोमिया, झारखंड राज्य का पहला ऐसा प्रखंड बन गया है, जिसे आधिकारिक रूप से बाल विवाह मुक्त प्रखंड घोषित किया गया है। यह घोषणा माननीय मंत्री द्वारा की गई, जिसमें सरकारी विभागों, आंगनबाड़ी सेवाओं, विद्यालयों, पंचायत प्रतिनिधियों तथा सामाजिक संगठनों के निरंतर प्रयासों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
प्रशासनिक प्रयासों ने दिखाया प्रभाव
उप विकास आयुक्त ने बताया कि उपायुक्त महोदय के निर्देशन में पिछले कई महीनों से गोमिया प्रखंड में बाल विवाह रोकथाम के लिए विशेष अभियान चलाया गया। इस दौरान सभी पंचायतों में बाल विवाह निरोधक समितियों को सक्रिय किया गया तथा आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, सेविकाओं एवं सहायिकाओं को संदिग्ध मामलों की त्वरित सूचना देने हेतु प्रशिक्षित किया गया। साथ ही विद्यालयों में विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए तथा किशोर-किशोरी समूहों को बाल विवाह के दुष्परिणामों के बारे में बताया गया। पुलिस विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग तथा कल्याण विभाग के संयुक्त प्रयास से समन्वित मॉनिटरिंग प्रणाली लागू की गई। इन प्रयासों के फलस्वरूप पिछले कई महीनों में प्रखंड में बाल विवाह के किसी भी मामले की पुष्टि नहीं हुई, साथ ही पूर्व में चिन्हित संभावित मामलों को समय रहते रोका गया।
बाल विवाह के दुष्परिणामों पर विस्तृत चर्चा
जिला समाज कल्याण पदाधिकारी डॉ सुमन गुप्ता ने अपने स्वागत संबोधन में बाल विवाह के गंभीर दुष्परिणामों पर प्रकाश डालते हुए बताया कि बाल विवाह एक सामाजिक बुराई और कानूनन दंडनीय अपराध है। इससे बच्चों के शिक्षा, स्वास्थ्य सहित मौलिक अधिकारों का गंभीर हनन होता है।
सम्मान एवं प्रशस्ति पत्र वितरण
कार्यक्रम में माननीय मंत्री द्वारा बाल विवाह मुक्त गोमिया घोषणा पत्र का विमोचन किया गया। साथ ही गोमिया प्रखंड को घोषणा पत्र एवं ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया। इस दौरान बाल विवाह उन्मूलन में सक्रिय भूमिका निभाने वाले जिला एवं प्रखंड स्तर के सभी अधिकारियों, कर्मियों एवं पंचायत स्तर पर उत्कृष्ट कार्य करने वाले सभी मुखियाओं को प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए।
बोकारो जिले में बाल संरक्षण को लेकर AVA की महत्वपूर्ण भूमिका
बोकारो जिला में बाल संरक्षण और बाल विवाह उन्मूलन के मुद्दों पर Association for Voluntary Action (NITI Aayog का विकास साझेदार) के अमर कुमार द्वारा जिला प्रशासन बोकारो के साथ मिलकर लगातार जागरूकता अभियान चलाए जा रहे हैं। इस अभियान को सफल बनाने में AVA ने जिला प्रशासन के साथ मिलकर महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। वहीं, सहयोगिनी NGO भी कई वर्षों से बाल संरक्षण के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य कर रही है।

