Bokaro : जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकार बोकारो की बैठक उपायुक्त अजय नाथ झा की अध्यक्षता में समाहरणालय स्थित सभाकक्ष में आयोजित की गई। बैठक में उपायुक्त अजय नाथ झा ने जिला अंतर्गत स्थित सभी सरकारी एवं गैर सरकारी अस्पतालों, नर्सिंग होम, होटल, मॉल, रेस्टोरेंट एवं सभी बैंकों में अग्नि सुरक्षा से संबंधित ऑडिट रिपोर्ट अगले 15 दिनों में समर्पित करने का निर्देश दिया।

अस्पताल, मॉल, बैंक, रेस्टोरेंट में ऑडिट का आदेश
उपायुक्त अजय नाथ झा ने कहा कि आम नागरिकों की सुरक्षा सर्वोपरि है इसलिए ऐसे सभी संस्थान जहां आम नागरिकों की सुरक्षा का संबंध हो वैसे सभी संस्थाओं में सुरक्षा के हर मानक सुनिश्चित किए जाएं। उन्होंने अग्निशमन पदाधिकारी को सभी होटल, रेस्टोरेंट, अस्पताल, नर्सिंग होम आदि में अग्नि सुरक्षा ऑडिट करते हुए व्यापक प्रतिवेदन प्रस्तुत करने को कहा। साथ ही उन्होंने कहा कि सुरक्षा ऑडिट में जो कोई संस्थान सफल नहीं पाए जाएंगे उनके विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी तथा आवश्यकता पड़ने पर उन्हें सिल भी किया जाएगा।
हाईराइज बिल्डिंग्स, अपार्टमेंट का ऑडिट का निर्देश
उपायुक्त श्री अजय नाथ झा ने नगर क्षेत्र में अवस्थित हाईराइज बिल्डिंग्स, अपार्टमेंट में भी अग्नि सुरक्षा एवं अन्य सुरक्षात्मक मानकों के ऑडिट का दिया निर्देश। इस बाबत अग्निशमन पदाधिकारी एवं अपर नगर आयुक्त को संयुक्त निरीक्षण करने का निर्देश दिया। वैसे हाईराइस बिल्डिंग्स जो निगम के अनुमति के बगैर निर्माण किए गए हैं, जो भवन निर्माण के सुरक्षा मानकों को पूरा नहीं करते उनके विरुद्ध विधि सम्मत कार्रवाई का भी निर्देश दिया।

सभी बैंक परिसर अग्नि सुरक्षा एवं अन्य सुरक्षा मानकों को पूरा करें
उपायुक्त अजय नाथ झा ने आम नागरिक को एवं बैंक कर्मियों की सुरक्षा के दृष्टिकोण से बैंक परिसर एवं बैंक के बिल्डिंग में फायर सेफ्टी एवं अन्य सुरक्षात्मक मानकों को पूरा करने का निर्देश दिया। इस संदर्भ में अग्रणी बैंक प्रबंधन को आवश्यक निर्देश दिया।

