Bokaro: बोकारो की रहनेवाली 22 वर्षीय श्रुति मिश्रा (Shruti Mishra) ने गोवा में आयोजित मिस एंड मिसेज महाराष्ट्र प्रतियोगिता में ‘मिस महाराष्ट्र – फर्स्ट रनर-अप’ का प्रतिष्ठित खिताब जीतकर न सिर्फ अपनी पहचान बनाई, बल्कि झारखंड की प्रतिभाओं को राष्ट्रीय मंच पर गौरवान्वित भी किया। यह उपलब्धि श्रुति की मेहनत, आत्मविश्वास और संतुलित व्यक्तित्व का सुंदर परिणाम है।
श्रुति, वर्तमान में गढ़वा के उप विकास आयुक्त (DDC) पशुपतिनाथ मिश्रा की पुत्री हैं और मूल रूप से बोकारो स्टील सिटी से ताल्लुक रखती हैं। वह पुणे में बीबीए एलएलबी की पढ़ाई कर रही हैं। उन्होंने बोकारो के पेंटीकोस्टल असेंबली स्कूल से अपनी इंटरमीडिएट की पढ़ाई पूरी की है। पढ़ाई के साथ-साथ मंच कला, रैम्प वॉक और पर्सनैलिटी डेवलपमेंट में उनकी गहरी रुचि रही है, जिसने उन्हें इस मुकाम तक पहुंचाया।
कारा फाउंडेशन द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में एलेना मैक्सीमोवा, हिना खान और ज़ोया सिराज शेख जैसी जानी-मानी हस्तियां मौजूद रहीं। खास पल तब आया जब बॉलीवुड अभिनेत्री हिना खान ने स्वयं श्रुति को मंच पर क्राउन पहनाया।

श्रुति की सफलता बोकारो (Bokaro) और झारखंड (Jharkhand) की युवा बेटियों के लिए प्रेरणा है। वह आगे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंचों पर राज्य का प्रतिनिधित्व कर महिला सशक्तिकरण और शिक्षा के क्षेत्र में योगदान देना चाहती हैं। बेटी की इस उपलब्धि पर उनके पिता ने गर्व और खुशी जताई है।

