Bokaro: बोकारो एक बार फिर आक्रोश, शोक और सवालों के बीच खड़ा नजर आया। सेक्टर-8 निवासी जयंत सिंह के अपहरण के बाद उनकी हत्या और शव की बरामदगी से पूरे शहर में गम का माहौल है। न्याय की मांग को लेकर बड़ी संख्या में लोग सड़कों पर उतरे और नया मोड़ चौक को जाम कर दिया। Ukrid मोड़ में भी लंबा जाम है। गरगा पूल पर भी प्रदर्शन हुआ। इलाके में घंटों तनावपूर्ण स्थिति बनी रही। डीएसपी सिटी और चास सीओ के अगुआई में प्रदर्शनकारियों से वार्ता करने का कोशिश कर रही है। प्रदर्शनकारियों की आंखों में गुस्सा और जुबान पर एक ही नारा था— “विनोद खोपड़ी को फांसी दो”।लोगों का आरोप है कि जयंत सिंह की हत्या एक सुनियोजित साजिश के तहत की गई, जिसमें विनोद खोपड़ी मुख्य आरोपी है। हालांकि पुलिस ने इस मामले में सोमवार को विनोद खोपड़ी सहित कुल छह आरोपियों को गिरफ्तार करने का दावा किया है। जयंत सिंह का शव गिरिडीह जिले के पीरटांड़ थाना क्षेत्र से बरामद हुआ था।
जनआंदोलन के दौरान प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन के सामने तीन प्रमुख मांगें रखीं—मुख्य आरोपी को फांसी की सजा, सेक्टर-6 स्थित उसके कार्यालय को ध्वस्त करना और जयंत सिंह की पत्नी को उचित मुआवजा देना। लोगों ने साफ कहा कि मांगें पूरी होने तक आंदोलन जारी रहेगा।
आक्रोश के बीच संवेदनशीलता भी दिखी। प्रदर्शन के दौरान एंबुलेंस और स्कूल बसों को बिना रोके गुजरने दिया गया। नया मोड़ चौक पर घंटों तक गूंजती नारेबाजी ने प्रशासन को कड़ा संदेश दिया है कि यह सिर्फ एक हत्या नहीं, बल्कि कानून-व्यवस्था पर सीधा सवाल है। अब निगाहें प्रशासन की कार्रवाई पर टिकी हैं।


