Bokaro: बोकारो में क्रिसमस का उल्लास चरम पर रहा। सेंट मेरी चर्च, सिटी चर्च सहित विभिन्न चर्चों में विशेष प्रार्थना और कैरोल गीतों का आयोजन हुआ। रंग-बिरंगी रोशनी से सजे चर्च, मोमबत्ती जलाकर की गई आराधना और बाजारों में बढ़ी चहल-पहल ने पूरे शहर को उत्सवमय बना दिया।

बोकारो, चास, बालीडीह, कुर्मीडीह सहित आसपास के क्षेत्रों में क्रिसमस को लेकर मसीही समुदाय में खासा उत्साह देखा गया। प्रभु यीशु के जन्मोत्सव के अवसर पर विभिन्न चर्चों में विशेष प्रार्थना और धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। बोकारो इस्पात नगर के सेक्टर-4 स्थित सेंट मेरी चर्च, सिटी चर्च, सेक्टर-12 चर्च, चास और बालीडीह के चर्चों को रंग-बिरंगे बिजली बल्बों और सजावटी रोशनी से भव्य रूप से सजाया गया, जिससे पूरा क्षेत्र उत्सवमय नजर आया।
क्रिसमस की पूर्व संध्या पर सेंट मेरी चर्च में विशेष जागरण का आयोजन हुआ। इस दौरान पादरी ने अपने संदेश में कहा कि प्रभु यीशु मानवता को प्रेम, शांति, करुणा और क्षमा का मार्ग दिखाने धरती पर आए। उन्होंने कहा कि प्रेम से नफरत को पराजित किया जा सकता है और क्षमा के माध्यम से दुश्मन को भी अपना बनाया जा सकता है। प्रभु यीशु के बताए मार्ग पर चलकर ही समाज में सद्भाव और भाईचारा कायम रह सकता है।

मसीही समुदाय के लोगों ने श्रद्धा के साथ मोमबत्तियां जलाकर प्रभु यीशु की आराधना की। कैरोल गीतों की मधुर धुनों से चर्च परिसर गूंज उठा और लोग देर रात तक भक्ति में लीन रहे। क्रिसमस को लेकर शहर के बाजारों में भी रौनक देखने को मिली। लोगों ने क्रिसमस ट्री, सजावटी सामग्री, केक, सांता क्लॉज की पोशाक और उपहारों की खरीदारी की। 25 दिसंबर को सिटी चर्च और सेंट मेरी चर्च सहित अन्य चर्चों में विशेष प्रार्थना सभाएं आयोजित की गई।


