Bokaro : रोटरी क्लब ऑफ बोकारो मिडटाउन कपल्स की ओर से जयपाल नगर में ‘जॉय ऑफ गिविंग’ कार्यक्रम का आयोजन कर सेवा और संवेदना का संदेश दिया गया। इस अवसर पर क्लब के सदस्यों ने जरूरतमंद परिवारों के बीच नए वस्त्रों का वितरण किया। कार्यक्रम का उद्देश्य खासकर पर्व-त्योहार के मौसम में गरीब और वंचित परिवारों तक खुशी, सम्मान और अपनापन पहुंचाना था।

कार्यक्रम के दौरान क्लब की अध्यक्ष आरटीएन मिनी स्टीफन कपूर ने कहा कि रोटरी क्लब मानव सेवा के मूल मंत्र पर कार्य करता है। सदस्यों ने बच्चों और बड़ों से आत्मीय संवाद कर उन्हें नए कपड़े वितरित किए, जिससे लोगों के चेहरे पर मुस्कान और मन में उम्मीद जगी। यह पहल समाज के कमजोर वर्ग को मुख्यधारा से जोड़ने की दिशा में एक सार्थक प्रयास है।
क्लब द्वारा जयपाल नगर में संचालित हैप्पी स्कूल ‘आसुस विद्यालय’ के माध्यम से भी क्षेत्र के वंचित बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और सकारात्मक माहौल उपलब्ध कराया जा रहा है। विद्यालय बच्चों के उज्ज्वल और आत्मनिर्भर भविष्य की नींव रख रहा है।

क्लब के सचिव आरटीएन मोहित अग्रवाल ने कहा कि छोटे-छोटे सेवा कार्य समाज में बड़ा बदलाव ला सकते हैं और ऐसे प्रयासों से अन्य लोग भी प्रेरित होंगे। वहीं आरटीएन साजन कपूर ने कहा कि रोटरी क्लब समाज में सकारात्मक परिवर्तन के लिए निरंतर कार्य करता रहेगा। जयपाल नगर के निवासियों ने रोटरी क्लब ऑफ बोकारो मिडटाउन कपल्स के प्रति आभार जताया।

