Bokaro: शहर के जीजीपीएस कैंपस में शनिवार को प्रथम दिशोम गुरु शिबू सोरेन मेमोरियल ट्रॉफी महिला राष्ट्रीय ताइक्वांडो चैंपियनशिप–2025 का रंगारंग शुभारंभ किया गया। पारंपरिक नृत्य और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से सजे उद्घाटन समारोह ने आयोजन को विशेष बना दिया। इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता के साथ बोकारो देशभर की महिला खिलाड़ियों का प्रमुख खेल केंद्र बनकर उभरा है।

प्रतियोगिता का उद्घाटन झारखंड सरकार के पेयजल एवं स्वच्छता तथा उत्पाद एवं मद्य निषेध मंत्री योगेंद्र प्रसाद, टुंडी विधायक व झारखंड ताइक्वांडो एसोसिएशन के अध्यक्ष मथुरा प्रसाद महतो, चंदनकियारी विधायक उमाकांत रजक, उपायुक्त बोकारो अजय नाथ झा और ताइक्वांडो फेडरेशन ऑफ इंडिया के अध्यक्ष फिरोज अहमद ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया। See Video-
उपायुक्त अजय नाथ झा ने बताया कि प्रतियोगिता में देश के 17 राज्यों से करीब 500 महिला खिलाड़ी भाग ले रही हैं, जो विभिन्न आयु और भार वर्गों में मुकाबला कर रही हैं। यह आयोजन खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा, अनुशासन और खेल कौशल दिखाने का अवसर दे रहा है।

मंत्री योगेंद्र प्रसाद ने कहा कि बोकारो खेल, शिक्षा और संस्कृति के क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा है और बेटियों ने हर क्षेत्र में अपनी क्षमता सिद्ध की है। टुंडी विधायक मथुरा प्रसाद महतो ने झारखंड में खेलों की प्रगति का उल्लेख करते हुए मार्च में बोकारो में राष्ट्रीय खो-खो प्रतियोगिता के आयोजन की जानकारी दी। चंदनकियारी विधायक उमाकांत रजक ने कहा कि ऐसे राष्ट्रीय आयोजन युवाओं को खेल के प्रति प्रेरित करेंगे। इससे पूर्व अतिथियों ने दिशोम गुरु शिबू सोरेन के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।

