Bokaro: शहर के सेक्टर-6 थाना क्षेत्र में हुए हिट एंड रन मामले में एक ठेका मजदूर की मौत के बाद माहौल गरमा गया है। 1 जनवरी की शाम सेक्टर-6 शिव मंदिर के समीप सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल बलराम सिंह (53) ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। घटना के बाद आक्रोशित परिजनों ने सोमवार सुबह थाना का घेराव कर आरोपी वाहन चालक की अविलंब गिरफ्तारी और सख्त कार्रवाई की मांग की।
मिली जानकारी के अनुसार, 1 जनवरी को शाम करीब साढ़े सात बजे बलराम सिंह सड़क पार कर रहे थे, तभी अज्ञात वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी और चालक मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही सेक्टर-6 थाना पुलिस ने पीसीआर वाहन के माध्यम से घायल को बोकारो जनरल अस्पताल (BGH) पहुंचाया। हालत गंभीर होने के कारण प्राथमिक उपचार के बाद 2 जनवरी को परिजनों ने थाना में हिट एंड रन का मामला दर्ज कराया।
चिकित्सकों ने स्थिति में सुधार नहीं होने पर बलराम सिंह को रांची स्थित रिम्स रेफर किया था। वहां इलाज के दौरान 4 जनवरी की रात उनकी मौत हो गई। मौत की खबर मिलते ही परिजनों और स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया।

मृतक के भतीजे पवन कुमार ने आरोप लगाया कि घटना के बाद से परिजन लगातार थाना के चक्कर काट रहे थे, लेकिन आरोपी की पहचान और गिरफ्तारी को लेकर कोई ठोस पहल नहीं की गई। उन्होंने बताया कि स्थानीय लोगों से मिली जानकारी के अनुसार हादसा ब्लैक रंग की स्कूटी से हुआ था। परिजनों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन तेज किया जाएगा।

