Bokaro: ज़िले के चंदनकियारी प्रखंड में रविवार को जंगली सुअर के हमले से गांव में अफरा-तफरी मच गई। खेत में काम कर रहे 55 वर्षीय बंधन महतो, 45 वर्षीय अंजना सहिस और 65 वर्षीय पांडव महतो पर अचानक जंगली सुअर (Wild Boar) ने हमला कर दिया। हमले में तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। अत्यधिक रक्तस्राव के कारण बंधन महतो की अस्पताल ले जाने के दौरान मौत हो गई।

ग्रामीणों के अनुसार, घटना के समय सभी अपने-अपने खेतों में कार्यरत थे, तभी जंगल की ओर से आए जंगली सुअर ने उन पर हमला कर दिया। बंधन महतो के गले, पेट, छाती और चेहरे समेत शरीर के कई हिस्सों में गहरे जख्म आए, जिससे वह लहूलुहान होकर गिर पड़े। उन्हें बचाने पहुंचे पांडव महतो भी सुअर के हमले का शिकार हो गए और खेत की मेड़ के नीचे गिर पड़े। वहीं भागने का प्रयास कर रही अंजना सहिस के पैर में सुअर ने काट लिया।
घायल अंजना सहिस और पांडव महतो का इलाज पुरुलिया सदर अस्पताल में चल रहा है। ग्रामीणों ने बताया कि एक माह पहले भी जंगली सुअरों द्वारा फसलों को भारी नुकसान पहुंचाया गया था, लेकिन प्रशासन और वन विभाग की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।

घटना की सूचना मिलने पर सोमवार को चंदनकियारी के वनपाल नरेंद्र शर्मा के नेतृत्व में वन विभाग की टीम गांव पहुंची। बोकारो वन विभाग के अधिकारी IFS संदीप शिंदे ने कहा कि विभाग की ओर से मृतक बंधन महतो की पत्नी को तत्काल 25 हजार रुपये की सहायता राशि प्रदान की गई। साथ ही जंगली जानवर के हमले में जनहानि व घायलों के इलाज से संबंधित मुआवजा राशि शीघ्र भुगतान का आश्वासन दिया गया। वन विभाग ने गांव के समीप जंगल में जंगली सुअर की मौजूदगी की पुष्टि करते हुए उसे खदेड़ने के लिए क्यूआरटी बुलाने की बात कही है।

