Bokaro: ज़िले के चंदनकियारी प्रखंड में मंगलवार दोपहर एक बड़ा हादसा होने से बच गया। चंदनकियारी–सुतरीबेड़ा सड़क पर बिचाली से लदी एक पिकअप वैन अचानक ऊपर से गुजर रहे बिजली के तार की चपेट में आ गई। तार से संपर्क होते ही शॉर्ट सर्किट हुआ और बिचाली में आग (Fire) लग गई।

बताया जाता है कि पिकअप वैन क्षमता से अधिक बिचाली लादकर ले जाई जा रही थी। ओवरलोड होने के कारण बिचाली की ऊंचाई अधिक थी, जिससे वह बिजली के तार से सट गई। एसएस क्लब के पास कुछ ही क्षणों में आग की लपटें तेज हो गईं और सड़क पर अफरा-तफरी मच गई।
मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने साहस और सूझबूझ दिखाते हुए पिकअप से जलती बिचाली को नीचे गिराया, जिससे आग पर काबू पाया जा सका। लोगों की तत्परता से बड़ा हादसा टल गया। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि इस मार्ग पर अक्सर ओवरलोड वाहन चलते हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से ओवरलोड वाहनों पर सख्ती और बिजली के तारों की ऊंचाई बढ़ाने की मांग की है।


