Bokaro: चास नगर निगम (CMC) चुनाव में मेयर पद को लेकर भाजपा की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं। पार्टी समर्थित उम्मीदवार अविनाश कुमार द्वारा नामांकन दाखिल किए जाने के कुछ ही घंटे बाद बोकारो भाजपा की वरिष्ठ नेत्री एवं पूर्व विधायक स्व. समरेश सिंह की बहू परिंदा सिंह ने भी चुनाव मैदान में उतरने की घोषणा कर दी। उनके इस फैसले को भाजपा के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है।
भाजपा के 7 दावेदारों में परिंदा सिंह भी
परिंदा सिंह के समर्थको का मानना है कि वह लंबे समय से चास नगर निगम (Chas Nagar Nigam) क्षेत्र में सक्रिय रही हैं। स्थानीय समस्याओं को मुखरता से उठाती रही हैं। बीते एक दशक से जनता के बीच निरंतर संपर्क बनाए रखने के कारण उनकी क्षेत्र में मजबूत पकड़ मानी जाती है। भाजपा (BJP) में मेयर पद के लिए सात दावेदारों में उनका नाम भी शामिल था, जिसे जिला स्तर से राज्य समिति को भेजा गया था, लेकिन पार्टी ने अंततः अविनाश कुमार पर भरोसा जताया।
अविनाश कुमार के लिए मुकाबला आसान नहीं
परिंदा सिंह पिछले 15 वर्षों से चास की राजनीति में सक्रिय हैं। उनके चुनाव में उतरने से भाजपा समर्थित वोटरों को एक वैकल्पिक चेहरा मिल गया है। ऐसे में विधायक बिरंचि नारायण के साथ नामांकन करने वाले अविनाश कुमार के लिए मुकाबला आसान नहीं रह गया है। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि इस स्थिति से भाजपा को आंतरिक नुकसान उठाना पड़ सकता है। भाजपा के कई कार्यकर्ता शाम को परिंदा सिंह के खेमे में दिखना शुरू हो गए है।

बुधवार को करेंगी नोमिनेशन
पिछले नगर निगम चुनाव में परिंदा सिंह को 3938 मत प्राप्त हुए थे। परिंदा सिंह के समर्थको का दावा है कि पिछले दस वर्षों में जनता के जुड़ाव रहने का लाभ इस बार उन्हें मिलेगा। स्थानीय लोगों का भी मानना है कि परिंदा सिंह के मैदान में आने से मेयर पद के चुनावी समीकरण पूरी तरह बदल गए हैं। परिंदा सिंह ने बुधवार को नामांकन करने की घोषणा की है।

