Bokaro: महरत्न कंपनी SAIL ने FY 2025-26 में कारोबार की रफ्तार बढ़ाते हुए अप्रैल–जनवरी में 16.6 मिलियन टन की रिकॉर्ड बिक्री दर्ज की। वहीं बोकारो स्टील प्लांट ने 2026 की धमाकेदार शुरुआत करते हुए उत्पादन, डिस्पैच और गुणवत्ता में नए कीर्तिमान स्थापित किए।
सेल के इतिहास की अब तक की सर्वाधिक संचयी बिक्री
स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड (सेल) ने वित्त वर्ष 2025-26 के दौरान अप्रैल से जनवरी की अवधि में उल्लेखनीय कारोबारी प्रदर्शन करते हुए नया कीर्तिमान स्थापित किया है। इस अवधि में कंपनी की कुल बिक्री 16 प्रतिशत की प्रभावशाली वृद्धि के साथ 16.6 मिलियन टन तक पहुंच गई, जबकि पिछले वित्त वर्ष की समान अवधि में यह आंकड़ा 14.3 मिलियन टन रहा था। यह सेल के इतिहास की अब तक की सर्वाधिक संचयी बिक्री मानी जा रही है। See Video-
बेहतर बिक्री और मजबूत डिस्पैच के चलते
जनवरी 2026 में भी कंपनी का प्रदर्शन शानदार रहा। इस माह में सेल ने 1.84 मिलियन टन की बिक्री दर्ज कर अब तक का सर्वश्रेष्ठ मासिक रिकॉर्ड कायम किया, जो पिछले वर्ष जनवरी की तुलना में 10 प्रतिशत से अधिक की बढ़ोतरी को दर्शाता है। बेहतर बिक्री और मजबूत डिस्पैच के चलते कंपनी के भंडार में कमी आई है, वहीं नकदी प्रवाह में सुधार के साथ कर्ज के बोझ में भी उल्लेखनीय कमी दर्ज की गई है।

BSL का सर्वश्रेष्ठ मासिक उत्पादन
उधर, बोकारो स्टील प्लांट ने कैलेंडर वर्ष 2026 की शुरुआत सर्वांगीण उत्कृष्ट प्रदर्शन के साथ की है। रॉ मटेरियल हैंडलिंग प्लांट (आरएमएचपी), आयरन मेकिंग, स्टील मेकिंग, रोलिंग मिल्स और डिस्पैच सहित कई इकाइयों में अब तक के सर्वश्रेष्ठ मासिक उत्पादन और डिस्पैच रिकॉर्ड बनाए गए हैं।
BSL के अधिकारियों और कर्मचारियों को लड्डू
निदेशक प्रभारी प्रिय रंजन ने इस उपलब्धि के लिए बोकारो स्टील के अधिकारियों और कर्मचारियों को बधाई देते हुए कहा कि यह सफलता टीमवर्क, अनुशासित कार्य संस्कृति और प्रक्रिया उत्कृष्टता का परिणाम है। उन्होंने कर्मचारियों से भविष्य में भी इसी प्रतिबद्धता और गुणवत्ता के साथ नए मानक स्थापित करने का आह्वान किया। बोकारो स्टील प्लांट की यह उपलब्धि सेल को देश की औद्योगिक प्रगति में और अधिक सशक्त भूमिका निभाने की दिशा में मजबूती प्रदान कर रही है।

