Bokaro: सेल का बोकारो स्टील प्लांट (BSL) इस वैलेंटाइन डे पर शहरवासियों को एक यादगार और रंगीन सौगात देने की तैयारी में जुट गया है। ‘हैप्पी स्ट्रीट’ की शानदार सफलता के बाद अब बीएसएल प्रबंधन शहर की रौनक को और बढ़ाने के लिए ‘फूड स्ट्रीट (Food Street)’ के आयोजन पर गंभीरता से मंथन कर रहा है। इस पहल से बोकारो की फिज़ा में उत्सव का नया रंग घुलने की उम्मीद है।
शनिवार की शाम..
बीएसएल के डायरेक्टर इंचार्ज प्रिय रंजन ने शहरवासियों के लिए खास अनुभव रचने के उद्देश्य से अपनी टीम को ‘फूड स्ट्रीट’ की तैयारियां शुरू करने का निर्देश दिया है। सूत्रों के अनुसार नगर प्रशासन के चीफ जनरल मैनेजर कुंदन कुमार, चीफ ऑफ कम्युनिकेशन मणिकांत धान, जनरल मैनेजर अविनाश कुमार सहित अन्य अधिकारियों को इस कॉन्सेप्ट को धरातल पर उतारने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। प्रबंधन की मंशा है कि अधिक से अधिक शहरवासी इस आयोजन का आनंद ले सकें, इसलिए इसे शनिवार की शाम आयोजित करने पर विचार किया जा रहा है, हालांकि अंतिम तिथि पर शीर्ष प्रबंधन की औपचारिक स्वीकृति अभी बाकी है।
देशी-विदेशी व्यंजनों के फूड स्टॉल..
तैयार हो रही योजना के अनुसार ‘हैप्पी स्ट्रीट’ की तर्ज पर ‘फूड स्ट्रीट’ का आयोजन बोकारो मॉल से गांधी चौक तक किया जाएगा। आयोजन के दौरान सड़कों को अस्थायी रूप से दोनों ओर से बंद कर दिया जाएगा। एक ओर विभिन्न प्रकार के देशी-विदेशी व्यंजनों के फूड स्टॉल सजेंगे, जिनके सामने बैठने की आकर्षक व्यवस्था होगी, जबकि दूसरी ओर लोगों के आराम से टहलने-फिरने की सुविधा रहेगी।

हर वर्ग के लोगों को अपने स्वाद से जोड़ने..
व्यंजनों की बात करें तो ‘फूड स्ट्रीट’ में झारखंड के गांवों में मिलने वाले पारंपरिक स्वाद से लेकर इटली के लज़ीज़ पास्ता और विविध सी-फूड्स तक का संगम देखने को मिलेगा। वहीं, शुद्धता और परंपरा के शौकीनों के लिए मारवाड़ी शुद्ध थाली भी खास आकर्षण का केंद्र होगी, जो हर वर्ग के लोगों को अपने स्वाद से जोड़ने का काम करेगी।
लाइव म्यूजिक या बैंड…
बताया जा रहा है कि इस पूरी फूड स्ट्रीट को आकर्षक और मनमोहक बनाने के लिए रंग-बिरंगी लाइटिंग से सजाया जाएगा, जिससे शाम ढलते ही पूरा इलाका रोशनी और उल्लास से जगमगा उठेगा। खाने के स्वाद के साथ माहौल में जान डालने के लिए कुछ फूड स्टॉल वालो को लाइव म्यूजिक या बैंड की प्रस्तुति करने देने की छूट होगी है।
एक शाम बोकारो वासियों के नाम
बीएसएल शीर्ष प्रबंधन का मानना है कि यह आयोजन बोकारोवासियों के नाम एक ऐसी खुशनुमा शाम होगी, जहां वे परिवार और दोस्तों के साथ खुलकर जश्न मना सकें और विविध व्यंजनों का लुत्फ उठा सकें। यह ‘फूड स्ट्रीट’ न सिर्फ स्वाद और संगीत का संगम बनेगी, बल्कि शहर की सामूहिक खुशियों का भी उत्सव होगी।

