Bokaro: चास नगर निगम क्षेत्र के बंशीडीह में शुक्रवार को बच्चा चोर की अफवाह ने अचानक माहौल को गर्म कर दिया। संदेह के आधार पर कुछ संत-साधुओं को स्थानीय लोगों ने घेर लिया और उनके साथ मारपीट कर दी। गुस्साए लोगों ने उनकी बोलेरो गाड़ी के शीशे भी तोड़ दिए। सूचना मिलते ही चास थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचीं और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने साधुओं को सुरक्षित थाने लाकर पूछताछ की। बताया जा रहा है कि वाहन का नंबर उत्तर प्रदेश का है। यह घटना दिन की दूसरी घटना है। इससे पहले बालीडीह में एक महिला को पुलिस ने उग्र भीड़ से बचाया था।

लोगो को संदेह हुआ…
प्रत्यक्षदर्शी एक स्थानीय महिला ने बताया कि साधु गाड़ी से आकर बच्चों से बातचीत कर रहे थे, जिससे लोगों को संदेह हुआ। लोगो ने देखा की वाहन की नंबर प्लेट के नीचे दूसरी प्लेट है। इसके बाद आक्रोशित लोगों ने उन्हें पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस के पूछने पर साधुओ ने कहा कि हमलोग जिला संबल के रहने वाले है। हमलोग कमाने-खाने वाले है, बच्चा चोर नहीं है। उन्होंने अपना आधार कार्ड पुलिस को दिया और कहा की वह वेरीफाई कर लें। उनके परिवार और बच्चे भी है। साधुओं ने पुलिस को बताया कि हमलोग रास्ते से जा रहे थे इतने में पब्लिक सामने और पीछे से आई और मारने लगी। हमलोगो ने समझाने की कोशिश भी की पर उनलोगो ने सुना ही नहीं बस सबको नीचे उतारा और मारने लगे। See Video-
अफवाह फैलाने वालों पर कानूनी कार्रवाई..
सब-डिविजनल पुलिस पदाधिकारी (SDPO) चास ने अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील करते हुए कहा कि संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें। मारपीट करने वालों और सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

इधर, बोकारो के पुलिस अधीक्षक हरविंदर सिंह ने भी लोगों से अपील की है कि “किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें। किसी भी संदिग्ध स्थिति की सूचना तुरंत पुलिस को दें। कानून को अपने हाथ में न लें। पुलिस पूरी तरह सजग है।”

