Bokaro: चास नगर निगम चुनाव इस बार बैलट पेपर (Ballot) के माध्यम से संपन्न होगा। मेयर पद के लिए कुल 31 प्रत्याशी मैदान में हैं। मतदान प्रक्रिया को शांतिपूर्ण, पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। उपायुक्त सह जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने निर्देश दिया है कि मतदाताओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो तथा अधिक से अधिक मतदान सुनिश्चित करने के लिए व्यापक जागरूकता अभियान चलाया जाए।

मतदान प्रतिशत में वृद्धि हो
उपायुक्त ने कहा कि प्रिंट मीडिया, इलेक्ट्रॉनिक मीडिया, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म और अन्य जनसंचार माध्यमों के जरिए मतदान का संदेश आम लोगों तक पहुंचाया जाए। विशेष रूप से युवा, महिला एवं प्रथम बार मतदान करने वाले मतदाताओं को लक्षित कर अभियान संचालित करने पर बल दिया गया है, ताकि मतदान प्रतिशत में वृद्धि हो सके।
DDC बनाई गई वरीय पदाधिकारी
बैठक में उप विकास आयुक्त (डीडीसी) शताब्दी मजूमदार को जनसंपर्क विभाग का वरीय पदाधिकारी बनाया गया। वे मीडिया समन्वय, प्रेस विज्ञप्ति जारी करने, प्रचार सामग्री के अनुमोदन एवं सूचनाओं के सुव्यवस्थित प्रसार की निगरानी करेंगी। उपायुक्त ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने का निर्देश देते हुए कहा कि निर्वाचन संबंधी सूचनाएं समय पर और सटीक रूप से आम जनता तक पहुंचनी चाहिए।

मीडिया-सोशल मीडिया पर कड़ी निगरानी के निर्देश
उपायुक्त ने मीडिया कोषांग के नोडल पदाधिकारी सह जिला जनसंपर्क पदाधिकारी रवि कुमार को समाचार पत्रों, इलेक्ट्रॉनिक चैनलों एवं डिजिटल प्लेटफॉर्म पर प्रसारित सामग्री की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। इसके लिए विशेष टीम प्रतिनियुक्त करने को कहा गया है।
उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया की सतत निगरानी आवश्यक है, ताकि आदर्श आचार संहिता (एमसीसी) का किसी भी स्तर पर उल्लंघन न हो। यदि किसी प्रकार की भ्रामक, आपत्तिजनक या नियम विरुद्ध सामग्री सामने आती है तो तत्काल संबंधित प्राधिकार को सूचित कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

