Bokaro: शहर के रेलवे स्टेशन के समीप स्थित एक होटल में आग लगाने की कोशिश का मामला सामने आया है। पुलिस की तत्परता से बड़ी घटना टल गई।

पुलिस अधीक्षक कार्यालय से जारी विज्ञप्ति के अनुसार 12 फरवरी 2026 की रात करीब 11 बजे शिवपुरी 43 मोड़, बालीडीह निवासी होटल संचालक अमित कुमार यादव ने सूचना दी कि 5-6 युवक उनके होटल में आग लगाने का प्रयास कर रहे हैं। होटल कर्मचारियों द्वारा विरोध करने पर आरोपितों ने उनके साथ मारपीट की।
सूचना मिलते ही रात्रि गश्ती दल मौके पर पहुंचा। पुलिस वाहन देखते ही आरोपी भागने लगे, जिनमें से दो को खदेड़कर पकड़ लिया गया। उनके पास से एक लोहे का रॉड बरामद हुआ। गिरफ्तार आरोपितों में कुर्मीडीह, हनुमानगढ़ी निवासी अमित कुमार यादव तथा गोस्वामी टोला निवासी 20 वर्षीय अमित कुमार शामिल हैं। पुलिस फरार अन्य आरोपितों की तलाश में छापेमारी कर रही है।

होटल मालिक की शिकायत पर बालीडीह थाना कांड संख्या 44/26 दर्ज कर दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। अन्य फरार आरोपितों की तलाश जारी है।

