Bokaro: स्टील प्लांट्स स्पोर्ट्स बोर्ड (SPSB) के तत्वावधान में सत्र 2025-26 के लिए Bokaro Steel Plant (BSL) की मेजबानी में आयोजित इंटर-स्टील प्लांट्स क्रिकेट चैंपियनशिप का फाइनल शुक्रवार को बीएसएल क्रिकेट स्टेडियम में खेला गया। खिताबी मुकाबले में बोकारो स्टील प्लांट की टीम ने दमदार प्रदर्शन करते हुए IISCO Steel Plant को 90 रनों से करारी शिकस्त देकर ट्रॉफी पर कब्जा जमा लिया।

धारदार गेंदबाजी के आगे
मैच के दौरान बोकारो की टीम ने हर विभाग में शानदार खेल दिखाया। बल्लेबाजों की सधी हुई पारी और गेंदबाजों की धारदार गेंदबाजी के आगे इस्को की टीम टिक नहीं सकी। जीत के साथ ही स्टेडियम में मौजूद दर्शकों के बीच उत्साह की लहर दौड़ गई। समापन समारोह में बीएसएल की अधिशासी निदेशक (मानव संसाधन) राजश्री बनर्जी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं।
उन्होंने विजेता टीम को ट्रॉफी प्रदान कर खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाया। इस मौके पर मुख्य महाप्रबंधक (नगर सेवाएं) कुंदन कुमार, मुख्य महाप्रबंधक (मानव संसाधन-एल एंड डी) सुश्री नीता बा, महाप्रबंधक (संपर्क एवं प्रशासन) सी.आर.के. सुधांशु, महाप्रबंधक (सीईडी) ए.के. अविनाश समेत अन्य अधिकारी एवं बड़ी संख्या में खेलप्रेमी मौजूद थे। मुख्य अतिथि ने कहा कि खेल आपसी सहयोग, अनुशासन और नेतृत्व क्षमता को निखारते हैं। उन्होंने सभी प्रतिभागी टीमों की सराहना करते हुए भविष्य में भी बेहतर प्रदर्शन की शुभकामनाएं दीं।

मैन ऑफ द मैच
इस प्रतियोगिता में RINL-विशाखापत्तनम, Tata Steel, Rourkela Steel Plant, Salem Steel Plant, JSW Steel, Durgapur Steel Plant समेत कुल नौ टीमों ने भाग लिया। फाइनल में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए बोकारो के आदित्य सिंह को ‘मैन ऑफ द मैच’ और ‘मैन ऑफ द सीरीज’ के पुरस्कार से सम्मानित किया गया।

