Bokaro : नगर पालिका आम निर्वाचन 2026 के तहत चास नगर निगम और फुसरो नगर परिषद क्षेत्र में जारी मतदान के बीच अपराह्न 1.00 बजे तक का मतदान प्रतिशत जारी कर दिया गया है। प्रशासन द्वारा उपलब्ध कराए गए आंकड़ों के अनुसार दोपहर 1 बजे तक चास नगर निगम क्षेत्र में 26.50 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया है। वहीं फुसरो नगर परिषद क्षेत्र में 35.60 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया है।

चुनाव शांतिपूर्ण
दोपहर तक के आंकड़ों में फुसरो नगर परिषद क्षेत्र मतदान प्रतिशत में आगे चल रहा है। सभी मतदान केंद्रों पर शांतिपूर्ण ढंग से मतदान जारी है। प्रशासन ने मतदाताओं से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में मतदान केंद्र पहुंचकर लोकतंत्र के इस महापर्व में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें।
मतदान केंद्र पर पत्रकारों ने भी निभाया लोकतांत्रिक दायित्व
नगर पालिका आम निर्वाचन 2026 के तहत चल रहे मतदान के बीच पत्रकारों ने भी अपने मताधिकार का प्रयोग कर लोकतंत्र के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाई। सुबह से ही विभिन्न मतदान केंद्रों पर मीडिया कर्मी कवरेज के साथ-साथ मतदान करते नजर आए। कवरेज की व्यस्तता के बावजूद पत्रकार निर्धारित समय पर अपने-अपने बूथों पर पहुंचे और कतार में लगकर मतदान किया। दैनिक जागरण के वरिष्ठ पत्रकार अरविन्द सिंह ने कहा कि लोकतंत्र को मजबूत बनाने के लिए हर नागरिक का मतदान करना जरूरी है। उन्होंने मतदाताओं से भी अपील की कि वे अपने घरों से निकलकर मतदान केंद्र तक पहुंचें और अपने अधिकार का उपयोग करें। मतदान केंद्रों पर शांतिपूर्ण और उत्साहपूर्ण माहौल देखा गया।


