Bokaro: आगामी होली, रमजान एवं नगर पालिका आम निर्वाचन की मतगणना को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष व सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से समाहरणालय सभागार में जिला स्तरीय शांति समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की संयुक्त अध्यक्षता उपायुक्त अजय नाथ झा एवं पुलिस अधीक्षक हरविंदर सिंह ने की। बैठक में डीडीसी शताब्दी मजूमदार, अपर समाहर्ता मो. मुमताज अंसारी, एसडीओ चास प्रांजल ढांडा, एसडीओ बेरमो मुकेश मछुआ सहित सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचल अधिकारी व थाना प्रभारी उपस्थित रहे।

आपसी सौहार्द के साथ
उपायुक्त ने निर्देश दिया कि सभी थाना एवं अंचल स्तर पर आगामी रविवार तक शांति समिति की बैठक अनिवार्य रूप से आयोजित कर स्थानीय जनप्रतिनिधियों, बुद्धिजीवियों व सामाजिक कार्यकर्ताओं की भागीदारी सुनिश्चित की जाए। उन्होंने अपील की कि लोग आपसी सौहार्द के साथ होली व रमजान मनाएं तथा भाईचारे का संदेश दें।
भ्रामक व आपत्तिजनक पोस्ट पर जीरो टॉलरेंस नीति
होली के मद्देनजर स्वास्थ्य विभाग को अलर्ट मोड में रहने, सभी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में आवश्यक दवाओं, चिकित्सकों व एंबुलेंस की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। सोशल मीडिया मॉनिटरिंग सेल को सक्रिय रखते हुए भ्रामक व आपत्तिजनक पोस्ट पर जीरो टॉलरेंस नीति के तहत त्वरित कार्रवाई की चेतावनी दी गई।

मादक पदार्थों की बिक्री पर रोक
नगर पालिका मतगणना को लेकर सुरक्षा व्यवस्था, बैरिकेडिंग, सीसीटीवी निगरानी व प्रवेश-निकास प्रबंधन दुरुस्त रखने पर जोर दिया गया। एसपी ने मादक पदार्थों की बिक्री पर रोक के लिए विशेष अभियान, संवेदनशील क्षेत्रों में छापेमारी, रात्रि गश्ती व फ्लैग मार्च तेज करने के निर्देश दिए। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि विधि-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों पर सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

