Bokaro: चास नगर निगम के महापौर पद के लिए हुए चुनाव 2026 की मतगणना ने इस बार सियासी रोमांच को चरम पर पहुंचा दिया। कुल 52,712 मतों में से 49,379 वैध मतों की गिनती के बाद मुकाबला पूरी तरह से टॉप-3 प्रत्याशियों के इर्द-गिर्द सिमट गया।

भोलू पासवान ने लीड ली
सबसे आगे रहे भोलू पासवान, जिन्हें 10,632 मत मिले। शुरुआत से ही उन्होंने बढ़त बनाई और दूसरे-तीसरे चक्र में अपनी स्थिति और मजबूत कर ली। हालांकि हर राउंड में अंतर बदलता रहा, जिससे समर्थकों की धड़कनें तेज रहीं।
जमील अख्तर दे रहे चुनौती
करीबी चुनौती जमील अख्तर ने दी। उन्हें 9,850 मत प्राप्त हुए। शुरुआती राउंड में वे तेज रफ्तार से आगे बढ़े और एक समय मुकाबला बेहद कांटे का हो गया। समर्थकों में उम्मीद बनी रही कि अंतिम चक्र में तस्वीर पलट सकती है।

अविनाश कुमार अभी भी टक्कर में
तीसरे स्थान पर रहे अविनाश कुमार, जिन्हें 9,449 मत मिले। उन्होंने दूसरे और तीसरे चक्र में जोरदार वापसी की, जिससे मुकाबला त्रिकोणीय हो गया। कुछ राउंड में उनका वोट शेयर तेजी से बढ़ा और वे टॉप-2 की दौड़ में नजर आए।
हाई-वोल्टेज
तीनों उम्मीदवारों के बीच मतों का अंतर बहुत ज्यादा नहीं रहा, जिसने चुनाव को बेहद रोमांचक बना दिया। मतगणना स्थल के बाहर सुबह से ही समर्थकों की भीड़ जुटी रही। हर राउंड के बाद तालियां, नारे और चेहरे के बदलते भाव इस बात का संकेत देते रहे कि चास की सियासत में इस बार मुकाबला सचमुच ‘हाई-वोल्टेज’ रहा।

