Bokaro: (एमडीए-2026) अभियान के तहत उपायुक्त (डीसी) श्री अजय नाथ झा ने सोमवार को चंदनकियारी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने स्वयं एमडीए की खुराक लेकर आमजनों को दवा सेवन के लिए प्रेरित किया।
उपायुक्त ने कहा कि एक भी व्यक्ति या परिवार छूटे नहीं, सभी लोग फाइलेरिया से बचाव के लिए निर्धारित एमडीए की दवा अवश्य लें। उन्होंने बताया कि फाइलेरिया एक गंभीर लेकिन रोके जाने योग्य बीमारी है, जिससे बचाव के लिए दवा सेवन आवश्यक है।

89 प्रतिशत लक्ष्य प्राप्ति पर जताई चिंता, 8 मार्च तक शत-प्रतिशत लक्ष्य पूरा करने का दिया निर्देश
उपायुक्त ने मौके पर उपस्थित सेविका एवं सहायिकाओं से संवाद करते हुए अब तक केवल 89 प्रतिशत लक्ष्य प्राप्त होने पर कारणों की जानकारी ली। उन्होंने शेष छूटे हुए लाभुकों तक घर-घर पहुंचकर दवा सेवन सुनिश्चित कराने को कहा। उन्होंने स्पष्ट कहा कि आगामी 8 मार्च तक हर हाल में शत-प्रतिशत लक्ष्य प्राप्त किया जाए। इसके लिए सभी संबंधित विभागों एवं कर्मियों को समन्वय बनाकर कार्य करने का निर्देश दिया।
होली पर्व को लेकर अस्पतालों को अलर्ट मोड में रहने का निर्देश
सीएचसी निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने होली पर्व को देखते हुए स्वास्थ्य व्यवस्था को सुदृढ़ रखने के निर्देश दिए। उन्होंने अस्पताल में दवा, चिकित्सक, नर्सिंग स्टाफ एवं आपातकालीन सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा। पर्व-त्योहार के दौरान किसी भी आकस्मिक स्थिति से निपटने के लिए सभी स्वास्थ्य केंद्र अलर्ट मोड में रहें तथा आवश्यक संसाधनों की पूर्व तैयारी सुनिश्चित करेंगे। इस बाबत सिविल सर्जन को भी अपने स्तर से सभी एमओआइसी को जरूरी दिशा – निर्देश देने को कहा।

निरीक्षण के दौरान यह रहे उपस्थित
इस अवसर पर सिविल सर्जन डा. ए. बी. प्रसाद, बीडीओ श्री अजय कुमार वर्मा, सीओ श्री रवि आनंद, जिला भी.वी.डी. पदाधिकारी डा. रेणु भारती, एमओआईसी यू. एस. त्रिपाठी, एपीआरओ अविनाश कुमार सिंह, पिरामल फाउडेशन के बसंत कुमार समेत अन्य स्वास्थ्य कर्मी उपस्थित रहे।

