Bokaro: बोकारो स्टील प्लांट (BSL) के एडीएम बिल्डिंग के सामने चल रहे विस्थापितों के धरना को जिला प्रशासन ने गंभीरता से लिया है। प्रशासन ने शनिवार को विस्थापितों को आश्वस्त किया कि उनकी मांगों के समाधान के लिए बीएसएल प्रबंधन के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ वार्ता कराई जाएगी।

जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यह मामला बोकारो स्टील प्रबंधन (बीएसएल) और विस्थापितों के बीच का है। जिला प्रशासन मध्यस्थता करते हुए इस समस्या का समाधान कराने का प्रयास करेगा। हालांकि, यह तभी संभव है जब टू टैंक गार्डन पर विस्थापितों का धरना तत्काल समाप्त किया जाए। अधिकारियों के अनुसार, यदि धरना जारी रहता है तो वार्ता के लिए माहौल बनाना कठिन हो सकता है और समाधान की प्रक्रिया प्रभावित हो सकती है।
बता दें कि शुक्रवार रात आंदोलन कर रहे विस्थापितों ने ब्यान जारी कर कहा था कि शनिवार को सुबह 11 बजे बोकारो स्टील प्लांट के डायरेक्टर इंचार्ज और उपायुक्त बोकारो के साथ विस्थापित प्रतिनिधियों की वार्ता तय की गई है। इस बैठक में विस्थापितों की विभिन्न मांगों और चल रहे धरना-प्रदर्शन के मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है। आंदोलनरत विस्थापितों को उम्मीद है कि वार्ता के जरिए कोई ठोस समाधान निकलेगा और उनकी मांगों पर सकारात्मक निर्णय लिया जाएगा।


