Bokaro: बोकारो जिले के चास नगर निगम में नवनिर्वाचित मेयर भोलू पासवान का शपथ ग्रहण समारोह 17 मार्च को आयोजित किया जाएगा, वहीं इसी दिन उप महापौर के पद के लिए पार्षदों के बीच अप्रत्यक्ष चुनाव की प्रक्रिया भी संपन्न कराई जाएगी। नगरपालिका (आम) निर्वाचन 2026 के तहत चास नगर निगम और फुसरो नगर परिषद में निर्वाचित जनप्रतिनिधियों के शपथ ग्रहण तथा उप महापौर/उपाध्यक्ष के अप्रत्यक्ष चुनाव की तिथि तय कर दी गई है। जिला निर्वाचन पदाधिकारी (नगरपालिका) सह उपायुक्त बोकारो के आदेश के अनुसार यह कार्यक्रम 17 मार्च 2026 को आयोजित किया जाएगा।

राज्य निर्वाचन आयोग से मिली स्वीकृति
राज्य निर्वाचन आयोग, झारखंड, रांची ने पत्रांक 532 दिनांक 16 फरवरी 2026 के माध्यम से निर्वाचन कार्यक्रम और निर्वाची पदाधिकारी व सहायक निर्वाची पदाधिकारियों की नियुक्ति को स्वीकृति प्रदान की है। इसके तहत चास नगर निगम (वर्ग-ख) और फुसरो नगर परिषद (वर्ग-ख) में महापौर/अध्यक्ष और वार्ड पार्षदों का शपथ ग्रहण कराया जाएगा।
पूरी प्रक्रिया की होगी वीडियोग्राफी
आयोग के निर्देशानुसार उप महापौर और उपाध्यक्ष के अप्रत्यक्ष चुनाव की पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी कराई जाएगी, ताकि चुनाव की पारदर्शिता और पवित्रता बनी रहे। वीडियोग्राफी की एक प्रति पेन ड्राइव में सुरक्षित रखी जाएगी और निर्वाचन परिणाम अगले दिन जिला गजट में प्रकाशित कर आयोग को भेजा जाएगा।

निर्वाचन अभिलेख सुरक्षित रखने का निर्देश
निर्वाची पदाधिकारी को सभी निर्वाचन अभिलेखों को सुरक्षित अभिरक्षा (सेफ कस्टडी) में रखने का निर्देश दिया गया है। शपथ ग्रहण कार्यक्रम के दौरान झारखंड नगरपालिका अधिनियम 2011 की धारा 19 और 29 के प्रावधानों का पालन अनिवार्य रूप से किया जाएगा।
प्रशासन और पुलिस को जिम्मेदारी
चास और बेरमो के अनुमंडल पदाधिकारी को विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त संख्या में दंडाधिकारियों की तैनाती का निर्देश दिया गया है। वहीं पुलिस अधीक्षक बोकारो को भी कार्यक्रम के दौरान आवश्यक पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति सुनिश्चित करने को कहा गया है। इसके साथ ही चास नगर निगम और फुसरो नगर परिषद के कार्यालयों में शपथ ग्रहण और अप्रत्यक्ष चुनाव की पूरी प्रक्रिया को बिना किसी बाधा के निर्धारित नियमों के तहत संपन्न कराने के लिए प्रशासनिक तैयारी करने का निर्देश दिया गया है।
चास नगर निगम में तय हुआ पूरा चुनाव कार्यक्रम
चास नगर निगम कार्यालय में 17 मार्च को सुबह 11 बजे से कार्यक्रम शुरू होगा। सुबह 11:15 से 11:30 बजे तक पार्षदों का शपथ ग्रहण कराया जाएगा। इसके बाद 11:30 से 11:45 बजे तक नामांकन पत्र दाखिल, 11:45 से 12 बजे तक नामांकन की जांच, 12:00 से 12:15 बजे तक वैध प्रत्याशियों की सूची तैयार की जाएगी। 12:15 से 12:30 बजे तक नाम वापसी का समय दिया गया है, जबकि 12:30 से 12:45 बजे तक मतपत्र की तैयारी होगी। मतदान 12:45 से 1:15 बजे तक होगा और मतगणना 1:15 से 1:45 बजे तक की जाएगी। इसके बाद 1:45 से 2 बजे तक परिणाम घोषित कर प्रमाण पत्र दिया जाएगा तथा 2:10 बजे उप महापौर को शपथ दिलाई जाएगी।

