Bokaro: नगरपालिका (आम) निर्वाचन 2026 के तहत चास नगर निगम के नव निर्वाचित जनप्रतिनिधियों का शपथ ग्रहण समारोह आगामी 17 मार्च को आयोजित किया जाएगा। इस दिन महापौर एवं सभी वार्ड पार्षदों को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई जाएगी। साथ ही उपमहापौर पद के लिए अप्रत्यक्ष निर्वाचन भी कराया जाएगा।

इस संबंध में चास नगर निगम की निर्वाची पदाधिकारी सह अनुमंडल पदाधिकारी (SDO) चास प्रांजल ढांडा ने सोमवार को समाहरणालय सभागार में आयोजित प्रेस वार्ता में विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि शपथ ग्रहण कार्यक्रम चास नगर निगम सभागार में पूर्वाह्न 11 बजे से शुरू होगा।
नव निर्वाचित महापौर को शपथ दिलाई जाएगी
एसडीओ ने बताया कि कार्यक्रम के दौरान सबसे पहले नव निर्वाचित महापौर को शपथ दिलाई जाएगी। इसके बाद सभी वार्ड पार्षदों को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई जाएगी। शपथ ग्रहण समारोह उत्तरी छोटानागपुर प्रमंडल हजारीबाग के प्रमंडलीय आयुक्त द्वारा संपन्न कराया जाएगा। शपथ ग्रहण का समय पूर्वाह्न 11:15 बजे निर्धारित किया गया है।

शपथ के बाद होगा उपमहापौर का चुनाव
एसडीओ ने बताया कि शपथ ग्रहण कार्यक्रम के बाद चास नगर निगम में उपमहापौर पद के लिए अप्रत्यक्ष चुनाव कराया जाएगा। इस चुनाव में सभी वार्ड पार्षद मतदान करेंगे। मतदान के लिए बैलेट पेपर का उपयोग किया जाएगा, जिसमें पार्षदों को प्रत्याशी के नाम के सामने क्रॉस का निशान लगाना होगा।
पार्षदों को वैध और अवैध मतों की जानकारी
मतदान से पहले पार्षदों को वैध और अवैध मतों की जानकारी भी दी जाएगी, ताकि मतदान प्रक्रिया पारदर्शी और व्यवस्थित ढंग से पूरी हो सके। तय कार्यक्रम के अनुसार नामांकन, संवीक्षा, नाम वापसी, मतदान, मतगणना और परिणाम की घोषणा की पूरी प्रक्रिया दोपहर तक पूरी कर ली जाएगी। निर्वाचन परिणाम घोषित होने के बाद नव निर्वाचित उपमहापौर को अपराह्न 2:10 बजे महापौर द्वारा शपथ दिलाई जाएगी। प्रेस वार्ता के दौरान जिला जनसंपर्क पदाधिकारी रवि कुमार और सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी अविनाश कुमार सिंह भी मौजूद थे।
फुसरो नगर परिषद में भी 17 मार्च को शपथ
उधर, फुसरो नगर परिषद के नव निर्वाचित अध्यक्ष के शपथ ग्रहण और उपाध्यक्ष पद के अप्रत्यक्ष चुनाव को लेकर सहायक निर्वाची पदाधिकारी सह बीडीओ बेरमो मुकेश कुमार ने भी प्रेस वार्ता कर जानकारी दी। उन्होंने बताया कि फुसरो नगर परिषद में शपथ ग्रहण समारोह 17 मार्च को पूर्वाह्न 11:15 बजे होगा। इस दौरान उपायुक्त अजय नाथ झा नव निर्वाचित अध्यक्ष को शपथ दिलाएंगे।

