Bokaro: नगर पालिका आम निर्वाचन 2026 के तहत चास नगर निगम और फुसरो नगर परिषद में उपमहापौर व उपाध्यक्ष पद के लिए अप्रत्यक्ष चुनाव शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो गया। दोनों निकायों में नव निर्वाचित वार्ड पार्षदों ने मतदान कर अपने प्रतिनिधि चुने।

चास में पूजा कुमारी को मिली जीत
चास नगर निगम में उपमहापौर पद के लिए वार्ड संख्या 22 की पूजा कुमारी और वार्ड संख्या 15 के अमर स्वर्णकार के बीच मुकाबला हुआ। कुल 35 वार्ड सदस्यों में से 33 मत वैध पाए गए। इसमें पूजा कुमारी को 19 वोट मिले, जबकि अमर स्वर्णकार को 14 मत प्राप्त हुए। इस तरह पूजा कुमारी ने जीत दर्ज कर उपमहापौर पद पर कब्जा जमाया। निर्वाची पदाधिकारी सह एसडीओ प्रांजल ढांडा ने उन्हें निर्वाचित घोषित करते हुए प्रमाण पत्र सौंपा।
भोलू पासवान ने दिलाई शपथ
इसके बाद नव निर्वाचित महापौर भोलू पासवान ने पूजा कुमारी को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। मौके पर बीडीओ प्रदीप कुमार, पंकज दुबे और सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी अविनाश कुमार सिंह समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

फुसरो में रेणु देवी की एक वोट से जीत
वहीं फुसरो नगर परिषद में उपाध्यक्ष पद के लिए हुए चुनाव में वार्ड संख्या 01 की रेणु देवी ने कड़ा मुकाबला जीत लिया। उन्हें कुल 14 वोट मिले, जबकि उनकी प्रतिद्वंदी वार्ड संख्या 16 की रश्मि सिंह को 13 मत प्राप्त हुए। इस तरह रेणु देवी ने एक वोट से जीत हासिल की। एसडीओ बेरमो मुकेश मछुआ ने उन्हें उपाध्यक्ष निर्वाचित घोषित किया।
अध्यक्ष ने दिलाई शपथ
इसके बाद नगर परिषद की नव निर्वाचित अध्यक्ष निर्मला देवी ने रेणु देवी को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।

