Bokaro: शहर में रविवार की शाम उस वक्त खास बन गई, जब बोकारो स्टील प्लांट (BSL) ने पहली बार ‘फूड स्ट्रीट’ का आयोजन किया। गांधी चौक से बोकारो मॉल मोड़ तक सजे इस आयोजन ने पूरे इलाके को खान-पान और संस्कृति के रंग में रंग दिया। कार्यक्रम का उद्घाटन बीएसएल के निदेशक प्रभारी प्रिय रंजन ने वरीय अधिकारियों और बड़ी संख्या में मौजूद शहरवासियों की उपस्थिति में किया।

लोगों को मिला मेट्रो सिटी जैसा अनुभव
सेक्टर-4 के निवासी रोहित कुमार ने कहा कि यह आयोजन मेट्रो शहर जैसा अनुभव दे रहा है। उन्होंने बताया कि बोकारो में इस तरह का आयोजन पहले कभी नहीं देखा गया। परिवार के साथ पहुंची अन्य सुनीता देवी ने कहा कि यहां खाने की विविधता, खासकर स्थानीय व्यंजन, काफी प्रभावशाली हैं। उन्होंने इसे बीएसएल की सराहनीय पहल बताया।
स्टॉलों में देशभर के व्यंजन, झारखंडी स्वाद रहा खास
करीब 70 फूड स्टॉलों से सजी इस फूड स्ट्रीट में देश के विभिन्न राज्यों के व्यंजन परोसे गए। झारखंड के पारंपरिक पकवान लोगों के बीच खास आकर्षण बने रहे। वहीं महिला समिति के स्टॉल पर भी लगातार भीड़ देखी गई। ताजे व्यंजनों की खुशबू और अलग-अलग स्वाद ने देर शाम तक लोगों को बांधे रखा।

सिर्फ खान-पान नहीं, आपसी मेल-जोल का भी मंच
बीएसएल के निदेशक प्रभारी प्रिय रंजन ने कहा कि यह आयोजन सिर्फ भोजन तक सीमित नहीं रहा, बल्कि लोगों को एक-दूसरे से जोड़ने का भी माध्यम बना। यहां परिवार, दोस्त और परिचित मिलकर उत्सव का आनंद लेते नजर आए।
BSL अधिकारीयो ने कहा
बीएसएल के मणिकांत धान ने कहा कि फूड स्ट्रीट का माहौल बेहद शानदार है और यहां का खाना बहुत स्वादिष्ट है, जिससे यह आयोजन और भी खास बन गया। गांधी चौक से बोकारो मॉल मोड़ तक सजे इस अनोखे फुड स्ट्रीट के उदघाटन के अवसर पर उप महानिरीक्षक (सीआईएसएफ) राजीव मिश्रा, महिला समिति की अध्यक्ष शुभम रंजन, अधिशासी निदेशक(एसआरयू) पी के रथ, अधिशासी निदेशक (मानव संसाधन) राजश्री बनर्जी, अधिशासी निदेशक(माइंस) श्री विकास मनवटी, अधिशासी निदेशक (परियोजना) अनीष सेनगुप्ता, अधिशासी निदेशक(एम एम)सी आर मिश्रा, अधिशासी निदेशक (चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाएं) डॉ बी बी करुणामय, अधिशासी निदेशक (संकार्य) अनूप कुमार दत्त, मुख्य महाप्रबंधक प्रभारी (वित्त एवं लेखा) एस के भारद्वाज सहित अन्य वरीय अधिकारी तथा नगर वासी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे.

