Bokaro : जिला प्रशासन की पहल पर सेक्टर-4 स्थित मजदूर मैदान में रविवार को “बोकारो सखी महोत्सव 2026” का भव्य शुभारंभ हुआ। उपायुक्त अजय नाथ झा, पुलिस अधीक्षक हरविंदर सिंह व फिल्ममेकर शशि वर्मा ने संयुक्त रूप से फीता काटकर कार्यक्रम का उद्घाटन किया। उद्घाटन के बाद अतिथियों ने महोत्सव परिसर का भ्रमण कर स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं द्वारा लगाए गए 53 स्टॉलों का निरीक्षण किया और उत्पादों की सराहना की।

महोत्सव में हस्तशिल्प, पारंपरिक खाद्य सामग्री, हस्तनिर्मित वस्त्र व सजावटी सामान सहित कई स्वदेशी उत्पादों की प्रदर्शनी व बिक्री की जा रही है। डीसी ने कहा कि यह आयोजन महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने और स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती देने की दिशा में अहम कदम है। उन्होंने जिलेवासियों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर महिलाओं के उत्पादों को प्रोत्साहित करने की अपील की।
एसपी हरविंदर सिंह ने बताया कि महोत्सव के दौरान सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। वहीं, फिल्ममेकर शशि वर्मा ने कहा कि महिला सशक्तिकरण से ही समाज मजबूत होगा।

उप विकास आयुक्त शताब्दी मजूमदार ने बताया कि यह चार दिवसीय महोत्सव 22 से 25 मार्च तक सुबह 10 से रात 8 बजे तक चलेगा, जिसमें शाम 6 से 8 बजे तक सांस्कृतिक कार्यक्रम भी होंगे।

