Bokaro : बोकारो इस्पात संयंत्र (BSL) ने परिचालन सुरक्षा, लॉजिस्टिक दक्षता और स्वच्छता को सुदृढ़ करने की दिशा में एक साथ कई अहम कदम उठाए हैं। ब्लास्ट फर्नेस–5 के समीप नवनिर्मित सैंड पिट और एचआर कॉइल्स के लिए आधुनिक कॉइल डिस्पैच यार्ड का उद्घाटन निदेशक प्रभारी प्रिय रंजन द्वारा किया गया, जबकि टाउनशिप में स्वच्छता पखवाड़ा के तहत विशेष अभियान भी चलाया गया।

ब्लास्ट फर्नेस क्षेत्र में बनाए गए सैंड पिट का उद्देश्य आपात स्थिति में टॉरपीडो लैडल को सुरक्षित रूप से खाली करना है। यह व्यवस्था स्टील मेल्टिंग शॉप में हॉट मेटल के कम ऑफटेक की स्थिति में भी संतुलन बनाए रखने में सहायक होगी। पूर्व में झाड़ियों और स्क्रैप से भरे क्षेत्र को विकसित कर तैयार किए गए इस पिट के निर्माण में एमआरडी, सीएमएम-ओजी और सीबीआरएस विभागों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
इसी कड़ी में ट्रैक संख्या–642 पर बनाए गए नए “कॉइल डिस्पैच यार्ड” से हॉट रोल्ड कॉइल्स के प्रेषण में तेजी आएगी। 45 दिनों में तैयार इस परियोजना के तहत भूमि समतलीकरण, संरचनात्मक निर्माण और इंस्टॉलेशन जैसे कार्य किए गए। इसके संचालन से रेलवे वैगनों के जरिए 24 घंटे सुरक्षित और त्वरित डिस्पैच संभव होगा, जिससे डेमरेज शुल्क में कमी और लागत बचत सुनिश्चित होगी।

वहीं, नगर सेवा-जन स्वास्थ्य विभाग द्वारा चलाए गए स्वच्छता पखवाड़ा के तहत सिंगल-यूज़ प्लास्टिक हटाने के लिए विशेष अभियान चलाया गया। सेक्टर-1सी से एसबीआई मार्ग तक सफाई कर प्लास्टिक कचरे का संग्रह किया गया और लोगों को पर्यावरण अनुकूल विकल्प अपनाने के लिए जागरूक किया गया।

