Bokaro : सदर अस्पताल बोकारो की डेंटल टीम ने एक जटिल ऑपरेशन कर बड़ी सफलता हासिल की है। हड्डी के अंदर फंसे टूटे दांत (इम्पैक्टेड कैनाइन) को सफलतापूर्वक निकालकर मरीज को लंबे समय से चल रहे दर्द से राहत दिलाई गई। सिविल सर्जन डॉ. अभय भूषण प्रसाद ने टीम की सराहना करते हुए इसे सराहनीय उपलब्धि बताया।

मरीज को कैसे हुई परेशानी:
डेंटल सर्जन डॉ. तुलिका सिंह ने बताया कि अनिल कुमार नामक मरीज ने पहले गांव के पास एक निजी चिकित्सक से दांत का इलाज कराया था और फिक्स दांत (ब्रिज) लगवाया था। कुछ दिनों बाद उसे तेज दर्द होने लगा। पिछले सप्ताह वह सदर अस्पताल के डेंटल ओपीडी पहुंचा।
जांच में सामने आई सच्चाई:
एक्स-रे जांच में पता चला कि दांत का एक टुकड़ा हड्डी के अंदर फंसा हुआ है, जबकि ऊपर से ब्रिज लगा दिया गया था। इसके बाद मरीज को ऑपरेशन की सलाह दी गई।

सफल ऑपरेशन से मिली राहत:
23 मार्च 2026 को डॉ. निकेत चौधरी, डॉ. तुलिका सिंह और उनकी टीम ने ऑपरेशन कर फंसे दांत को सफलतापूर्वक निकाल दिया। ऑपरेशन के बाद मरीज ने राहत महसूस की और खुशी जताई।
अस्पताल में उपलब्ध है सुविधा:
उपाधीक्षक डॉ. एनपी सिंह ने बताया कि इस तरह के जटिल दंत ऑपरेशन की सुविधा सदर अस्पताल बोकारो में उपलब्ध है। उन्होंने लोगों से अपील की कि दांत संबंधी किसी भी समस्या के लिए अस्पताल के डेंटल ओपीडी में संपर्क कर सकते हैं।
ऑपरेशन में ये रहे मौजूद:
इस दौरान डॉ. निकेत चौधरी (जिला नोडल पदाधिकारी, एनओएचपी), डॉ. तुलिका सिंह, संजय राम (दंत स्वास्थ्य विज्ञानी), मोती कुमारी, अन्नू कुमारी और महेश कुमार समेत पूरी टीम मौजूद रही।

