Bokaro: झारखंड विधानसभा की निवेदन समिति ने बोकारो दौरे के दौरान अधिकारियों को जन शिकायतों के त्वरित और पारदर्शी निष्पादन के निर्देश दिए। सर्किट हाउस में आयोजित बैठक की अध्यक्षता समिति के सभापति सह चंदनकियारी विधायक उमाकांत रजक ने की।

52 मामलों की हुई समीक्षा
बैठक में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से प्राप्त 52 निवेदनों पर बिंदुवार चर्चा की गई। समिति ने सभी लंबित मामलों को तय समय सीमा के भीतर निपटाने का निर्देश दिया और कहा कि हर आवेदन को गंभीरता से लिया जाए।
जनहित के मुद्दों को प्राथमिकता
समिति ने पेयजल, सड़क, बिजली, स्वास्थ्य और शिक्षा से जुड़े मामलों को प्राथमिकता देने को कहा। अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया गया कि जनहित से जुड़े मामलों में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

जवाबदेही तय करने का निर्देश
सभापति उमाकांत रजक ने कहा कि निवेदन समिति जनता और सरकार के बीच महत्वपूर्ण कड़ी है। उन्होंने लंबित मामलों में देरी या लापरवाही पाए जाने पर संबंधित विभागों की जवाबदेही तय करने और अगली बैठक में प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा।
बैठक में उपायुक्त अजय नाथ झा, पुलिस अधीक्षक हरविंदर सिंह समेत सभी जिला स्तरीय पदाधिकारी और पीएसयू प्रतिनिधि मौजूद रहे। बैठक से पूर्व समिति के सदस्यों का स्वागत पौधा, पुस्तक और बिरसा मुंडा की प्रतिमा भेंट कर किया गया।

