Bokaro: जिले में रविवार शाम एक दर्दनाक हादसा सामने आया, जहां रील बनाना एक किशोर के लिए जानलेवा साबित हुआ। बोकारो रेलवे स्टेशन से करीब 700 मीटर दूर स्थित रेलवे के हंप यार्ड में करंट लगने से 15 वर्षीय छात्र की मौत हो गई, जबकि उसका एक साथी गंभीर रूप से घायल हो गया।

रील बनाने के दौरान हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, Pentecostal Assembly School के सात छात्र परीक्षा खत्म होने के बाद मस्ती के लिए हंप यार्ड पहुंच गए थे। इसी दौरान अभिमन्यु चटर्जी नामक छात्र मालगाड़ी के वैगन पर चढ़कर रील बनाने लगा। जैसे ही वह ऊपर पहुंचा, वह ओवरहेड हाईटेंशन तार की चपेट में आ गया और उसे जोरदार करंट लगा।
दोस्त को बचाने में गई जान
नीचे खड़ा उसका मित्र कौशिक शर्मा उसे बचाने के लिए वैगन पर चढ़ गया, लेकिन वह भी करंट की चपेट में आ गया। मौके पर मौजूद अन्य छात्रों ने शोर मचाया, जिसके बाद आसपास के रेलवे कर्मी पहुंचे और आरपीएफ को सूचना दी।

अस्पताल में एक की मौत, दूसरा जिंदगी के लिए जूझ रहा
सूचना मिलते ही आरपीएफ टीम ऑफिसर इंचार्ज संतोष कुमार के साथ मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को अपनी गाड़ी में बोकारो जनरल अस्पताल पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने कौशिक शर्मा को मृत घोषित कर दिया, जबकि अभिमन्यु चटर्जी का इलाज जारी है और उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। आरपीएफ के वरिष्ठ कमांडर ओम प्रकाश मोहंती ने बताया कि पूरे मामले की जांच की जा रही है।
स्कूल ने जताया शोक
दोनों छात्र 10वीं कक्षा के थे और हाल ही में बोर्ड परीक्षा समाप्त होने के बाद घूमने के लिए वहां पहुंचे थे। स्कूल के कार्यकारी निदेशक डैनियल प्रसाद ने घटना को बेहद दुखद बताते हुए मृतक छात्र के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है।

