Bokaro: ज़िले के गोमिया प्रखंड में चोरगांवा, गांगपुर और धरमपुर के आसपास के क्षेत्रों में पांच आक्रामक हाथियों के झुंड की मौजूदगी से दहशत का माहौल है। वन विभाग की ओर से जारी अलर्ट में महुआटांड़, जगेश्वर और बड़की पुन्नू समेत आसपास के गांवों के लोगों को सतर्क रहने की अपील की गई है।

रात में बाहर निकलने पर रोक
प्रशासन ने साफ निर्देश दिया है कि झुंड के आक्रामक होने के कारण ग्रामीण रात के समय किसी भी स्थिति में घर से बाहर न निकलें। केवल अत्यंत आवश्यक या आपात स्थिति में ही बाहर जाने की अनुमति दी गई है।
सुरक्षा के लिए दिए गए निर्देश
लोगों को पक्के मकानों या छतों पर ही सुरक्षित रहने की सलाह दी गई है। यदि हाथी गांव या घर के आसपास दिखाई दें तो घबराने के बजाय तुरंत वन विभाग को सूचना देने को कहा गया है।

वन विभाग अलर्ट मोड में
आपात स्थिति में वन विभाग की क्यूआरटी टीम से संपर्क करने के लिए हेल्पलाइन नंबर भी जारी किए गए हैं। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे सतर्क रहें और इस सूचना को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाएं।

