Bokaro: बोकारो स्टील प्लांट (BSL) में 20 प्रतिशत ठेका कर्मचारियों की छंटनी के प्रबंधन आदेश के खिलाफ मजदूरों में चिंता और आक्रोश बढ़ गया है। इस बीच, जय झारखंड मजदूर समाज (JJMS) कार्यालय, सेक्टर-9 में आज झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) केन्द्रीय सदस्य एवं समाज के महामंत्री बी के चौधरी की अध्यक्षता में बैठक हुई।

अपने दर्द और समस्याओं को….
बैठक में विभिन्न विभागों से आए मजदूर प्रतिनिधियों ने अपने दर्द और समस्याओं को साझा करते हुए कहा कि वर्षों से उत्पादन में योगदान देने वाले मजदूर अब अपनी नौकरी जाने के डर से तनावग्रस्त हैं। उन्होंने कहा कि प्रबंधन द्वारा मनीकट पर सहमति होने के बावजूद मजदूर परिवार का भरण-पोषण मुश्किल में है।
ठेका कर्मचारियों का उत्पादन और मुनाफा में 90% योगदान
बी के चौधरी ने मजदूरों को आश्वस्त करते हुए कहा कि युनियन पूरी स्थिति पर नजर रखे हुए है। उन्होंने बताया कि ठेका कर्मचारियों ने उत्पादन और मुनाफा में 90% योगदान दिया है, बावजूद इसके उनके स्वास्थ्य, सुरक्षा और अन्य सुविधाओं की अनदेखी की जा रही है। प्रबंधन 20% छंटनी के आदेश को ‘उपर से आया हुआ’ बताकर पल्ला झाड़ रहा है।

हर विभाग में जनजागरण कार्यक्रम
बैठक में यह निर्णय लिया गया कि बाबा साहब भीम राव अम्बेडकर जयंती के बाद हर विभाग में जनजागरण कार्यक्रम चलाया जाएगा। इसके बाद प्लांट गोलचक्कर से अधिशासी निदेशक कार्यालय तक विशाल चेतावनी प्रदर्शन किया जाएगा। यदि प्रबंधन आदेश वापस नहीं लेता है तो हड़ताल नोटिस देकर प्लांट का चक्का जाम किया जाएगा।
बैठक में संयुक्त महामंत्री एन के सिंह, अनिल कुमार, आर बी चौधरी, आई अहमद, रौशन कुमार, राजेन्द्र प्रसाद, ओ पी चौहान समेत कई अन्य प्रतिनिधियों ने अपने विचार व्यक्त किए।
हालांकि BSL के वरिये अधिकरियों से पूछने पर उन्होंने इसपर कोई आधिकारिक ब्यान नहीं दिया।

