Bokaro : बोकारो इस्पात संयंत्र (BSL) में स्टोर्स विभाग की अनोखी पहल ने सबका ध्यान खींच लिया, जब नॉन-मूविंग आइटम्स की विशेष प्रदर्शनी ने “कबाड़ में भी काम” का संदेश जीवंत कर दिया। इस आयोजन का मकसद बेकार पड़ी सामग्रियों को नई उपयोगिता देना और संसाधनों की समझदारी भरी खपत को बढ़ावा देना रहा।

फिजूल खर्च पर लगाम
प्रदर्शनी में विभिन्न विभागों की अधिशेष और लंबे समय से अनुपयोगी पड़ी वस्तुओं को आकर्षक तरीके से प्रस्तुत किया गया। हर सामग्री के साथ उसकी स्थिति और संभावित उपयोग की जानकारी दी गई, जिससे विभागों को पुनः उपयोग और पुनर्नियोजन के नए रास्ते नजर आए। इससे फिजूल खर्च पर लगाम लगाने की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है।
पुनः उपयोग और स्थानांतरण
निदेशक प्रभारी प्रिय रंजन ने अधिकारियों संग प्रदर्शनी का अवलोकन कर पहल की सराहना की। उन्होंने इसे “कम लागत, ज्यादा दक्षता” की सोच को मजबूत करने वाला प्रयास बताया। प्रदर्शनी के अंत में कई सामग्रियों के पुनः उपयोग और स्थानांतरण की पहचान हुई, जो बीएसएल में स्मार्ट मैनेजमेंट और बेहतर हाउसकीपिंग की दिशा में मजबूत संकेत है।


