Bokaro: पुष्पा महतो हत्याकांड को लेकर रविवार शाम को चास में निकाले गए कैंडल मार्च के दौरान माहौल उस वक्त भड़क उठा, जब JLKM महिला मोर्चा की बोकारो जिला अध्यक्ष पर मृतका की मां से रुपये लेने का गंभीर आरोप लगा। आरोप सामने आते ही आजसू समर्थकों और JLKM कार्यकर्ताओं के बीच तीखी नोकझोंक शुरू हो गई, जो देखते ही देखते हंगामे में बदल गई।

मोबाइल छीनकर पटका
स्थिति तब और बिगड़ गई जब JLKM विधायक जयराम महतो जो प्रदर्शन में शामिल होने पहुंचे थे विवाद में कूद पड़े। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बहस के दौरान विधायक द्वारा एक व्यक्ति का मोबाइल छीनकर पटकने की घटना ने आग में घी का काम किया। प्रदर्शन कर रहे लोग माननीय विधायक के इस रवैये से काफी दुखी हो गए। कुछ ने विरोध भी किया।
आरोप-प्रत्यारोप का दौर जारी
घटना के बाद कैंडल मार्च में शामिल लोगों के बीच तनाव बढ़ गया। हालांकि बाद में अन्य लोगों के हस्तक्षेप से स्थिति को किसी तरह शांत कराया गया। इस पूरे घटनाक्रम ने कैंडल मार्च के दौरान उठ रहे न्याय के मुद्दे को भी राजनीतिक विवाद का रूप दे दिया। फिलहाल इस मामले को लेकर अलग-अलग पक्षों की ओर से आरोप-प्रत्यारोप का दौर जारी है।


