झारखंड सरकार के कार्मिक, प्रशासनिक सुधार एवं राजभाषा विभाग ने शुक्रवार देर रात 17 भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) अधिकारियों के तबादले और पदस्थापन की अधिसूचना जारी कर दी। इस फेरबदल में कई जिलों के उपायुक्त (डीसी) बदले गए हैं, जिसमें लातेहार जिले की जिम्मेदारी अब संदीप कुमार को सौंपी गई है। प्रशासनिक हलकों में इस बदलाव को अहम माना जा रहा है।

लातेहार पर खास नजर, संदीप कुमार को बड़ी जिम्मेदारी
सरकार ने लातेहार जैसे संवेदनशील और विकासशील जिले में संदीप कुमार को डीसी बनाकर स्पष्ट संकेत दिया है कि जिले के विकास कार्यों और कानून-व्यवस्था को नई गति दी जाएगी। संदीप कुमार से अपेक्षा है कि वे जिले में चल रही योजनाओं को तेजी से धरातल पर उतारेंगे और प्रशासनिक व्यवस्था को और मजबूत करेंगे।
कई जिलों में बदले गए डीसी
जारी अधिसूचना के अनुसार, राजीव रंजन को जमशेदपुर, अनन्य मित्तल को गढ़वा, दिलेश्वर महतो को गुमला, मेधा भारद्वाज को पाकुड़, लोकेश मिश्रा को गोड्डा, शशि प्रकाश सिंह को देवघर, उत्कर्ष गुप्ता को कोडरमा, हेमन्त सती को हजारीबाग, मनीष कुमार को चाईबासा, ऋतुराज को रामगढ़, रवि आनंद को चतरा, दीपक कुमार दुबे को साहिबगंज, दिलीप प्रताप सिंह शेखावत को पलामू, सौरभ कुमार भुवानिया को खूंटी, संदीप कुमार मीणा को लोहरदगा और आलोक कुमार को जामताड़ा का डीसी बनाया गया है।

प्रभार रहित अधिकारियों को दिया गया निर्देश
अधिसूचना में यह भी स्पष्ट किया गया है कि जो अधिकारी फिलहाल प्रभार रहित हैं, वे कार्मिक, प्रशासनिक सुधार एवं राजभाषा विभाग, रांची में अपना योगदान देंगे। राज्य सरकार के इस बड़े फेरबदल से प्रशासनिक व्यवस्था में तेजी और पारदर्शिता आने की उम्मीद जताई जा रही है।

