Bokaro: जिला विधिक सेवा प्राधिकार (डीएलएसए) के सचिव अरुण कुमार दुबे ने जानकारी दी कि झारखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकार के निर्देश पर 9 मई 2026 को राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा। यह आयोजन न्याय सदन, व्यवहार न्यायालय बोकारो तथा व्यवहार न्यायालय तेनुघाट में किया जाएगा।

लंबित और प्री-लिटिगेशन मामलों का होगा निपटारा
राष्ट्रीय लोक अदालत में विभिन्न प्रकार के लंबित एवं प्री-लिटिगेशन मामलों का आपसी सुलह और समझौते के आधार पर निष्पादन किया जाएगा। अदालत में बैंक ऋण, मोटर दुर्घटना दावा, बिजली बिल, पारिवारिक विवाद, श्रम विवाद, राजस्व मामले, चेक बाउंस और बीमा दावा समेत कई मामलों की सुनवाई होगी।
सुलह से मिलेगा त्वरित और सस्ता न्याय
डीएलएसए सचिव ने बताया कि राष्ट्रीय लोक अदालत के माध्यम से पक्षकारों को कम समय में सरल, सस्ता और त्वरित न्याय मिल सकेगा। सौहार्दपूर्ण वातावरण में समझौते के जरिए मामलों के समाधान पर विशेष जोर दिया जाएगा, ताकि लोगों को लंबे समय तक न्यायालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।

लोगों से अधिक भागीदारी की अपील
डीएलएसए की ओर से जिलेवासियों से अपील की गई है कि वे अधिक से अधिक संख्या में राष्ट्रीय लोक अदालत में शामिल होकर अपने मामलों का निपटारा आपसी सहमति से कराएं। इससे समय और धन दोनों की बचत होगी तथा विवादों का शांतिपूर्ण समाधान संभव हो सकेगा।

