Bokaro: बोकारो ट्रेजरी से वेतन मद समेत अन्य मदों में अवैध निकासी के मामले की जांच अब तेज हो गई है। राज्य सरकार द्वारा गठित हाईलेवल जांच समिति शुक्रवार को बोकारो पहुंची और पूरे दिन दस्तावेजों की पड़ताल में जुटी रही। जांच टीम का नेतृत्व उत्पाद एवं मद्य निषेध विभाग के प्रधान सचिव अमिताभ कौशल कर रहे हैं।

राज्य सरकार के निर्देश पर गठित आठ सदस्यीय समिति ने बोकारो परिसदन पहुंचने के बाद जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन से कई महत्वपूर्ण दस्तावेज मांगे। प्रशासन की ओर से टीम को प्रमाणित अभिलेख उपलब्ध करा दिए गए हैं। जांच के दौरान टीम ने कई बिंदुओं पर अतिरिक्त जानकारी और स्पष्टीकरण भी मांगा है, जिसे जल्द उपलब्ध कराने की बात कही गई है।
ट्रेजरी कोड और वित्तीय नियमों के आधार पर जांच
जांच समिति झारखंड ट्रेजरी कोड, पुलिस मैनुअल, झारखंड फाइनेंस रूल तथा वित्त विभाग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों को आधार बनाकर पूरे मामले की पड़ताल कर रही है। अधिकारियों के अनुसार, हजारों पन्नों की प्रमाणित प्रतियां टीम अपने साथ रांची ले गई है, जहां इनका विस्तृत अध्ययन किया जाएगा। जरूरत पड़ने पर जांच टीम दोबारा बोकारो आ सकती है।

एसपी कार्यालय और ट्रेजरी का निरीक्षण
प्रधान सचिव अमिताभ कौशल ने टीम के साथ कैंप टू स्थित एसपी कार्यालय का निरीक्षण किया। इस दौरान लेखा शाखा, हेड क्लर्क कक्ष, अकाउंटेंट कक्ष और सामान्य शाखा की जांच की गई। इसके अलावा टीम ने बोकारो ट्रेजरी पहुंचकर विपत्र प्राप्ति कक्ष समेत कई विभागों का निरीक्षण किया।
कई अहम दस्तावेज खंगाले गए
जांच टीम अपने साथ स्वीकृत एवं कार्यरत बल का विवरण, बजट आवंटन संचिका, मास्टर रोल पंजी, वेतन ज्ञापन, स्थापना मद से जुड़े अभिलेख, बैंक खातों का विवरण, सेवानिवृत्त कर्मियों के रिकॉर्ड, नव नियुक्त एवं विरमित कर्मियों का डाटा तथा उच्च वेतन खातों के लेन-देन से जुड़े दस्तावेज ले गई है।
दरअसल, बोकारो और हजारीबाग के एसपी कार्यालयों से जुड़े ट्रेजरी निरीक्षण में वेतन और अन्य मदों में बड़े पैमाने पर अनियमित निकासी का मामला सामने आने के बाद राज्य सरकार ने यह हाईलेवल जांच समिति गठित की है।

