Bokaro: जिले के चास अंचल अंतर्गत आईटीआई मोड़ क्षेत्र में प्रस्तावित 132/33 केवी ग्रिड सबस्टेशन निर्माण के लिए 10 एकड़ भूमि का हस्तांतरण ऊर्जा विभाग को स्वीकृत कर दिया गया है। इस परियोजना के लिए गैरमजरूआ खास भूमि को झारखंड ऊर्जा संचरण निगम लिमिटेड, रांची के पक्ष में निःशुल्क अंतर्विभागीय रूप से हस्तांतरित किया गया है।

कुमारदागा मौजा की भूमि होगी उपयोग में
प्राप्त जानकारी के अनुसार, चास अंचल के मौजा कुमारदागा, थाना संख्या-143, खाता संख्या-102, प्लॉट संख्या-2735 स्थित 10.00 एकड़ पुरातन पतीत भूमि को इस परियोजना के लिए चिन्हित किया गया है। भूमि हस्तांतरण की प्रक्रिया पूरी होने के बाद अब निर्माण कार्य की दिशा में आगे की कार्रवाई तेज होगी।
चास और आसपास के क्षेत्रों को मिलेगा बड़ा लाभ
इस अत्याधुनिक ग्रिड सबस्टेशन के निर्माण से चास और आसपास के क्षेत्रों की विद्युत आपूर्ति व्यवस्था में बड़ा सुधार होगा। बढ़ती बिजली मांग को पूरा करने, लो-वोल्टेज की समस्या को कम करने और निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने में यह परियोजना अहम भूमिका निभाएगी।

बुनियादी ढांचे को मजबूत करने की दिशा में कदम
उपायुक्त अजय नाथ झा ने कहा कि यह पहल जिले में आधारभूत संरचना के विकास और आम जनता को बेहतर बिजली सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इस परियोजना से शहरी एवं ग्रामीण दोनों क्षेत्रों के उपभोक्ताओं को लंबे समय तक लाभ मिलेगा।

